Gurugram News: अपराधी के अवैध मकान पर गुरुग्राम पुलिस का बुलडोजर एक्शन, 11 से अधिक मामले दर्ज

गुरुग्राम पुलिस द्वारा जीरो टॉलरेंस नीति के तहत शुक्रवार को भूमि माफियाओं और आदतन अपराधियों के खिलाफ एक सटीक एवं सशक्त कार्यवाही की गई है। अवैध निर्माण नेटवर्क पर पुलिस ने करारा प्रहार किया है। पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर नाहरपुर रूपा, गुरुग्राम में अपराधी के अवैध निर्माण की पहचान की गई थी। चिन्हित किए गए अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त करते हुए भूमि को उसके मूल स्वरूप में बहाल कर दिया गया है।
अपराधी कृष्ण पर दर्ज हैं 11 से अधिक अभियोग
इस कार्यवाही में अपराधी कृष्ण निवासी नाहरपुर रूपा, गुरुग्राम को चिन्हित किया गया था। उसके द्वारा किए गए अवैध निर्माण को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया है। अपराधी कृष्ण पर हत्या करने, हत्या का प्रयास करने, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत 11 से भी अधिक अभियोग गुरुग्राम में अंकित हैं। यह पूरी कार्यवाही अपराध शाखा सैक्टर-39, गुरुग्राम द्वारा संबंधित विभागों के समन्वय से की गई है।
पुलिस की कड़ी निगरानी में हटाई गईं अवैध संरचनाएं
पुलिस की कड़ी निगरानी में सभी अवैध संरचनाओं को हटाकर भूमि को पूर्ण रूप से मुक्त कराया गया है। पूरे अभियान के दौरान कानून व्यवस्था भी पूरी तरह से कायम रखी गई है। गुरुग्राम पुलिस सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को शोषण से बचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे खुफिया-आधारित सख्त अभियान भविष्य में और अधिक तीव्रता के साथ जारी रहेंगे, ताकि गुरुग्राम को अपराध मुक्त एवं सुरक्षित बनाया जा सके।