गुरुग्राम: कांग्रेस सरकार बनते ही हटाए जाएंगे श्रमिक हितों पर लगाए गए काले कानून: संजय दत्त

श्रमिक हितों में व श्रम कानूनों के खिलाफ इंटक की बैठक गुरुग्राम में आयोजित की गई। इस बैठक में देश भर और प्रदेश भर से श्रमिक संगठनों, यूनियनों, सरकारी कर्मचारियों और असंगठित मजदूरों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक हरियाणा प्रदेश की राज्य कार्यसमिति की यह महत्वपूर्ण बैठक अग्रवाल भवन गुरुग्राम में संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता इंटक हरियाणा के अध्यक्ष अमित यादव ने की। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पूर्व सांसद राज बब्बर ने शिरकत की।
संजय दत्त का बयान और बीजेपी पर हमला
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने शनिवार देर शाम तक चली बैठक में बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी हरसंभव सहयोग देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने गरीबों और मजदूरों को बहकाकर वोट लिया है। ऊपर से वोट चोरी की और सरकार बनाकर देश में महंगाई और बेरोजगारी को बढ़ा दिया है। आज देश के युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। युवा सरकारी नौकरियों के इंतजार में बैठे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हम सब मिलकर देश से बीजेपी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।
राव नरेंद्र सिंह ने इंटक को बताया देश की रीढ़
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि इंटक देश की रीढ़ की हड्डी है। जहां भी मैं जा रहा हूं, इंटक हर जिले में पूरी मजबूती के साथ काम कर रही है। मजदूर विरोधी काले कानूनों के खिलाफ इंटक जो लंबी लड़ाई लड़ रही है, कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से उसके साथ खड़ी है। सरकार आने पर सभी मजदूर विरोधी लेबर कोड को पूरी तरह से खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह दिन अब दूर नहीं है जब भाजपा सरकार केवल वह इतिहास बनकर रह जाएगी, जिसे देश के विकास की जगह विनाश के नाम से जाना जाएगा।
राज बब्बर ने पुरानी यादें और वोट चोरी पर कही बात
पूर्व सांसद राज बब्बर ने कहा कि मैं खुद इंटक परिवार से ताल्लुक रखता हूं। मेरे पिताजी ने भी रेलवे में रहते हुए इंटक में काफी लंबे समय तक काम किया था। उन्होंने कहा कि वोट चोरी करके बनाई गई सरकार कभी भी देश का भला न तो सोच सकती है और न ही कर सकती है। राज बब्बर ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने हरियाणा से सिर्फ वोट ही नहीं बल्कि पूरी सरकार ही चुरा ली है। लोकसभा चुनाव के दौरान भी बड़े पैमाने पर वोट चोरी किए गए थे। देश की जनता अब बीजेपी को पूरी तरह से समझ चुकी है। आने वाले चुनावों में जनता खुद सतर्क रहेगी और बीजेपी सरकार को बाहर का रास्ता दिखाएगी।
इंटक की बैठक में बड़े आंदोलन का निर्णय
इंटक के प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव ने इस पूरे कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इंटक की इस राज्य स्तरीय बैठक में सभी ने मिलकर सर्वसम्मति से एक बड़ा निर्णय लिया। बढ़ती महंगाई, निजीकरण और श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ एक बहुत बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस विशेष मौके पर पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, प्रदेश महामंत्री धर्मबीर लोहान, एआईसीयूटी महासचिव अनिल पवार, सुरेश गौड़, राजकुमार त्यागी, चंडीगढ़ इंटक अध्यक्ष नसीब जाखड़, सुनील बुआना, जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा, वीरेंद्र सिंग्रोहा, एस.एन. दहिया और दिनेश हुड्डा सहित कई अन्य प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहे।