गुरुग्राम में अवैध हथियारों के साथ 3 आरोपी काबू, दिल्ली में वारदात की थी योजना

अवैध हथियारों के साथ 03 आरोपी काबू, 02 विदेशी पिस्टल व 05 जिंदा कारतूस बरामद
दिल्ली में वारदात को अंजाम देकर डर का माहौल पैदा करने की थी योजना
कार्यवाही के दौरान आरोपी सागर पुलिस से बचने के लिए फ्लाईओवर से कूदा
अपने अन्य विदेशी साथियों के संपर्क रहते हुए अवैध वसूली/रंगदारी के लिए कर रहे थे रैकी
अपराध शाखा फरुखनगर की टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए किया काबू
फतह सिंह उजाला//गुरुग्राम /03 अक्टूबर2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
गुरुग्राम में अपराध शाखा फरुखनगर की टीम ने अवैध हथियार रखने और उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 03 आरोपियों को काबू करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से 02 विदेशी पिस्टल और 05 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
- अपराध शाखा फरुखनगर की टीम ने की त्वरित कार्रवाई
- आरोपियों से 2 विदेशी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद
- दिल्ली में वारदात को अंजाम देने की थी योजना
आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी का स्थान
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभय उर्फ मौलड (20 वर्ष) निवासी गांव खेड़ा झांझरोला जिला गुरुग्राम, जतिन उर्फ जोनी (29 वर्ष) निवासी पटेल नगर जिला सोनीपत वर्तमान निवासी सिद्धार्थ कॉलोनी जिला सोनीपत तथा सागर निवासी गांव खेड़ा झांझरोला जिला गुरुग्राम के रूप में हुई है। पुलिस टीम द्वारा आरोपी अभय को गांव गढ़ी फ्लाईओवर न्यू पटौदी गुरुग्राम रोड के पास से, आरोपी जतिन को फरुखनगर से तथा आरोपी सागर को KPM फरुखनगर से काबू किया गया है। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जा से 02 विदेशी पिस्टल (PX China Made) एवं 05 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ थानों सैक्टर-10 गुरुग्राम में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान फ्लाईओवर से कूदा आरोपी
पुलिस कार्यवाही के दौरान आरोपी सागर ने पुलिस से बचने के लिए फ्लाईओवर से छलांग लगा दी थी। इस छलांग के कारण उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया है। आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के उपरांत आरोपी को अभियोग में नियमानुसार गिरफ्तार किया जाएगा।
हथियारों की सप्लाई और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच
आरोपियों से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ है कि आरोपी अभय को अवैध हथियार आरोपी जतिन द्वारा उपलब्ध करवाए गए थे। जबकि जतिन को ये हथियार उसके अन्य साथियों द्वारा उपलब्ध करवाए गए थे। मामले में अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
दिल्ली में डर का माहौल पैदा करने की थी योजना
प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि उक्त आरोपी अपने अन्य साथियों के संपर्क में थे। उनके कहने पर आरोपी अवैध वसूली और रंगदारी के लिए रैकी करते थे। पुलिस जांच के अनुसार आरोपी योजना बनाकर दिल्ली में किसी वारदात को अंजाम देकर भय का माहौल पैदा करने की फिराक में थे। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के अवलोकन से आरोपी जतिन के विरुद्ध दिल्ली में एक्साइज एक्ट के तहत पूर्व में एक अभियोग अंकित होना भी ज्ञात हुआ है। गुरुग्राम पुलिस द्वारा मामले में आरोपियों के नेटवर्क अवैध हथियारों की उपलब्धता के स्रोत तथा इनके संपर्क में रहे अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहनता से जांच की जा रही है。