गुरुग्राम हिट-एंड-रन मामला: सिया के परिवार ने की बाकी दो आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, कहा- हमारी लड़ाई अपराध के खिलाफ

गुरुग्राम हिट-एंड-रन मामला: सिया के परिवार ने की बाकी दो आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, कहा- हमारी लड़ाई अपराध के खिलाफ

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर सिया को कार से टक्कर मारने के मामले में सिया का परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है। परिवार ने पुलिस से बाकी बचे दो आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। सिया के परिवार का साफ कहना है कि उनकी यह लड़ाई किसी खास समुदाय या समूह के खिलाफ नहीं है, बल्कि उनकी लड़ाई सीधे तौर पर अपराध के खिलाफ है।

दो दिन की पुलिस रिमांड पूरी, कोर्ट में होंगे पेश

मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला और लवनीश को सिविल जज निधि बेनीवाल की अदालत में पेश किया जाएगा। इन दोनों आरोपियों की दो दिन की पुलिस रिमांड पूरी हो चुकी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गुरुग्राम जिला अदालत में पेश करने के बाद अपनी हिरासत में लिया था। आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया गया था। वहीं दूसरा आरोपी लवनीश घटना के समय कार में मौजूद था, जिसे हरियाणा के पलवल से गिरफ्तार किया गया था।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

अपराध का कोई धर्म नहीं होता: सिया के पिता

आरोपियों के समर्थन में हो रही महापंचायत को लेकर सिया के पिता रोशन चौहान ने कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि वहां क्या चर्चा हो रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह मामला पूरी तरह से एक अपराध है और इसे किसी दूसरे रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपराधी कोई भी हो सकता है, क्योंकि एक अपराधी का कोई धर्म नहीं होता है और यही उनकी सोच है।

एसआईटी गठन पर हरियाणा सरकार का जताया आभार

सिया के पिता ने एसआईटी के गठन के लिए हरियाणा सरकार का धन्यवाद किया और कहा कि दो दिन की रिमांड के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआत में आरोपी यह कह रहे थे कि वे सिर्फ अपने परिवारों के साथ थे। लेकिन उन्होंने सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो देखे जिनमें आरोपी रात भर क्लब में पार्टी करते नजर आ रहे थे और सुबह वहां से निकल रहे थे।

शराब पीने की बात और एसआईटी जांच

हरियाणा पुलिस ने बुधवार को इस रोड-रेग मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया है। सिया के पिता ने कहा कि उनकी बेटी को पहले से ही शक था कि कार में बैठे लोग शराब के नशे में थे। इसी वजह से उनकी बेटी ने अपनी स्कूटी या कार नहीं रोकी और भगवान की कृपा से उनकी बेटी सुरक्षित है तथा उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई है।

भाई दीपांकर चौहान का बयान

सिया के भाई दीपांकर चौहान ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी भी तरह की जातिवाद से जुड़ी हुई नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि उनकी लड़ाई सिर्फ और सिर्फ अपराध के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि हमला करने वाले कल्याण बैंसला को यह नहीं पता था कि सिया राजपूत हैं और शिवानी को भी यह नहीं पता था कि आरोपी किस समुदाय से आता है।

Share:

Comments

Leave a comment