गुरुग्राम में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान, नीतू वर्मा सोइन ने महिलाओं की मजबूत भागीदारी पर दिया जोर

गुरुग्राम में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान, नीतू वर्मा सोइन ने महिलाओं की मजबूत भागीदारी पर दिया जोर

घर की तरह संगठन में भी महिलाओं की हो मजबूत भागीदारी: नीतू वर्मा सोइन

गुरुग्राम कांग्रेस कार्यालय में संगठन सृजन अभियान को लेकर हुई अहम बैठक

पर्यवेक्षक नीतू वर्मा सोइन ने कार्यकर्ताओं से लिए बायोडाटा

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

जिला अध्यक्ष शहरी पंकज डावर, ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव भी रहे मौजूद

फतह सिंह उजाला /गुरुग्राम /20 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

गुरुग्राम कांग्रेस कार्यालय में संगठन सृजन अभियान को लेकर एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में हरियाणा महिला कांग्रेस की पर्यवेक्षक नीतू वर्मा सोइन ने विशेष रूप से शिरकत की। बैठक के दौरान पर्यवेक्षक नीतू वर्मा सोइन ने महिला कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनके साथ विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहरी पंकज डावर, ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव और एआईसीसी की सचिव सुनीता सहरावत भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

महिला कार्यकर्ताओं का लिया गया बायोडाटा

बैठक के दौरान सभी महिला कार्यकर्ताओं से बायोडाटा लिए गए। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि भविष्य में बेहतर संगठन कार्य करने वाली जुझारू कार्यकर्ताओं को संगठन में अहम जिम्मेदारियां सौंपी जा सकें। पर्यवेक्षक नीतू वर्मा सोइन ने स्पष्ट किया कि हर एक बायोडाटा की पूरी स्क्रीनिंग की जाएगी। जो महिला संगठन के लिए जमीनी स्तर पर लगातार काम कर रही है, उसे ही पार्टी में पद दिया जाएगा। पद के साथ-साथ हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी ताकि काम में पारदर्शिता बनी रहे।

घर की तरह संगठन में भी महिलाओं को मिले बराबरी का हक

पर्यवेक्षक नीतू वर्मा सोइन ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो महिलाओं को बराबरी का हक देती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस तरह से घर के अंदर महिलाओं की मजबूत भागीदारी होती है, ठीक उसी तरह संगठन में भी महिलाओं की मजबूत भागीदारी होनी बेहद जरूरी है। कांग्रेस पार्टी की तरफ से महिलाओं को संगठन में विशेष भागीदारी दी जा रही है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी के नेतृत्व में पार्टी के सभी कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ संगठन को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने आगे बताया कि राहुल गांधी जी और हमारी नेता अलका लांबा जी की यह स्पष्ट इच्छा है कि संगठन के अंदर 50 प्रतिशत भागीदारी महिलाओं की होनी चाहिए। संगठन सृजन का मूल उद्देश्य नीचे से लेकर ऊपर तक पूरे संगठन को मजबूत करना है।

शहरी और ग्रामीण अध्यक्ष ने रखी अपनी बात

जिला अध्यक्ष शहरी पंकज डावर ने कहा कि गुरुग्राम जिला में नीतू वर्मा सोइन का पूरा गुरुग्राम कांग्रेस परिवार दिल से स्वागत करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में चाहे महिला कार्यकर्ता हों या फिर पुरुष कार्यकर्ता, सभी की आपसी एकता और मजबूती पार्टी के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमारी महिला कांग्रेस को और अधिक मजबूत करना हम सबका सबसे बड़ा कर्तव्य है। शहर की हर एक महिला कार्यकर्ता को पार्टी के साथ जोड़ा जाएगा और उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। संगठन सृजन अभियान में सभी पूरी ईमानदारी के साथ काम करेंगे और नई महिलाओं को पार्टी में शामिल करके संगठन का बड़े पैमाने पर विस्तार किया जाएगा।

गाँव-देहात की महिलाओं को आगे लाने पर जोर

ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि हम सब मिलकर गांव-देहात की महिलाओं को संगठन में सबसे आगे लेकर आएंगे। शहर की तुलना में गांव में हमारी बहनों को कांग्रेस पार्टी की अधिक जरूरत है। सोहना, पटौदी और फर्रुखनगर के हर एक ब्लॉक से महिलाओं को पार्टी के साथ जोड़ा जाएगा। नीतू जी आज गुरुग्राम से जो फीडबैक लेकर गई हैं, उससे निश्चित तौर पर गुरुग्राम में महिला कांग्रेस और अधिक मजबूत होगी। हम सब मिलकर आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी को फिर से सत्ता में वापस लाने का काम करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Share:

Comments

Leave a comment