गुरुग्राम में बड़ी कार्रवाई: नगर निगम का कंप्यूटर ऑपरेटर 12 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

गुरुग्राम में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो गुरुग्राम की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने नगर निगम गुरुग्राम के इंजीनियरिंग ब्रांच में हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर पवन कुमार को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।
श्मशान घाट नवीनीकरण बिल पास करने की एवज में रिश्वत
शिकायतकर्ता नगर निगम गुरुग्राम में ठेकेदार के रूप में कार्य करता है। शिकायत के अनुसार उसने लगभग 28 लाख रुपये की लागत वाले श्मशान घाट के नवीनीकरण कार्य का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा कर लिया था। कार्य पूरा होने के बाद लगभग 23 लाख रुपये के बिल को पास करवाने के एवज में आरोपी ने 92,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
विजिलेंस टीम ने बिछाया जाल
शिकायतकर्ता का आरोप है कि रिश्वत की मांग के तहत उससे पहले ही 80,000 रुपये की राशि ली जा चुकी थी और शेष 12,000 रुपये की मांग की जा रही थी। इस बात से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की सूचना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दे दी।
रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी
जैसे ही ब्यूरो को शिकायत मिली, टीम ने नियमानुसार एक ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। ब्यूरो की टीम ने एक सफल जाल बिछाकर आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर पवन कुमार को 12,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है।