शहीद रण सिंह पीएमश्री विद्यालय गुड़ियानी में नए कार्यालय कक्ष का उद्घाटन और प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित

शहीद रण सिंह पीएमश्री विद्यालय गुड़ियानी में नए कार्यालय कक्ष का उद्घाटन और प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित

शहीद रण सिंह पीएमश्री राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, गुड़ियानी में बुधवार को नए कार्यालय कक्ष के उद्घाटन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसडीएम कोसली विजय कुमार यादव एचसीएस रहे। उन्होंने विद्यालय में नवनिर्मित कार्यालय कक्ष का आधिकारिक रूप से उद्घाटन किया। गांव गुड़ियानी निवासी बंसीलाल मीणा ने अपनी माता स्वर्गीय गुलाबी देवी एवं पिता स्वर्गीय रघुनाथ मीणा की स्मृति में विद्यालय में इस कार्यालय कक्ष का निर्माण करवाया है।

इस अवसर पर एसडीएम विजय कुमार यादव ने छात्राओं को शिक्षा के साथ जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। लक्ष्य निर्धारित करने के बाद उसके लिए सही दिशा में योजनाबद्ध तरीके से प्रयास करना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने, अनुशासन में रहने तथा पढ़ाई के प्रति पूरी तरह समर्पित रहने का महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास, आत्मविश्वास और लगन से विद्यार्थी अपने निर्धारित लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम में बंसीलाल मीणा ने गत वर्षों की भांति कक्षा दसवीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कक्षा दसवीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कुमारी खुशी पुत्री अशोक कुमार ने 500 में से 492 अंक प्राप्त किए, जिन्हें 7100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। द्वितीय स्थान पर रहने वाली कुमारी प्रियंका पुत्री महेंद्र सिंह ने 500 में से 491 अंक प्राप्त किए, जिन्हें 5100 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली कुमारी कीर्ति पुत्री मुकेश रंगा को 3100 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

उपजिला शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार यादव ने अपने संबोधन में बंसीलाल मीणा द्वारा विद्यालय में कार्यालय कक्ष का निर्माण करवाने तथा विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए किए गए प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार के प्रयास बेहद महत्वपूर्ण हैं। मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान मिलने से उनका उत्साह काफी बढ़ता है और अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की बड़ी प्रेरणा मिलती है।

सीआरसी हेड गुड़ियानी विद्याभूषण मित्तल ने अपने वक्तव्य में बंसीलाल मीणा के इस सराहनीय प्रयास की भरपूर सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समाज के लोगों का सहयोग विद्यालय और विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। ऐसे प्रयासों से विद्यालय के विकास के साथ-साथ विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए बड़ा प्रोत्साहन मिलता है। कार्यक्रम का शानदार मंच संचालन टीजीटी अंग्रेजी राजबाला ने किया। विद्यालय के मुख्याध्यापक सुभाष चंद्र मुलोदिया ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अधिकारियों, अतिथियों, अभिभावकों एवं गणमान्य लोगों का तहदिल से धन्यवाद किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी नाहड़ सुरेश कुमार कस्वा, सेवानिवृत्त मुख्याध्यापक सत्यनारायण गुप्ता, हर्ष कुमार, नीमा यादव, आशा रानी, बबीता कुमारी, कविता यादव, मीना यादव, सुनीता, शर्मिला यादव, जेबीटी भूपेंद्र सिंह तथा सुरेश कुमार शादीपुर सहित अन्य कई गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से उपस्थित रहे।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment