हरियाणा में बाजरे की सरकारी खरीद शुरू,किसानों को मिलेगा बाजरे का 2900 रुपये भाव

Haryana News: हरियाणा के किसानों के लिए अच्छी खबर है। आज यानी 1 अक्टूबर से महेंद्रगढ़ जिले में खरीफ सीजन 2026-27 के तहत बाजरे की सरकारी खरीद शुरू हो रही है। सभी अनाज मंडियों में बाजरे की खरीद के लिए जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके साथ ही अधिकारियों ने किसानों को साफ और सूखी फसल मंडी में लाने की अपील की है।
महेंद्रगढ़ जिले में बाजरे की सरकारी खरीद के लिए छह अनाज मंडियां निर्धारित की गई हैं, जिनमें नारनौल, अटेली, महेंद्रगढ़, कनीना, नांगल चौधरी और सतनाली शामिल हैं। सरकार ने बाजरे का तय भाव 2900 रुपए प्रति क्विंटल रखा है।
मंडी में किसानों से 2300 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीद होगी, जबकि 600 रुपए प्रति क्विंटल भावांतर भरपाई योजना के तहत दिए जाएंगे। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन किसानों से बाजरा खरीदेंगे। साथ ही अधिकारियों ने किसानों से कहा है कि वे मंडी में साफ और अच्छी तरह सूखा हुआ बाजरा लेकर आए। इससे फसल की जांच और खरीद के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।