श्री माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, हिसार से मिलेगी सीधी ट्रेन; फटाफट देखें टाइमिंग व स्टॉपेज

हरियाणा के हिसार सहित कई अन्य शहरों से श्री माता वैष्णो देवी यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर है। बता दें कि बांद्रा टर्मिनस से चलकर हिसार से गुजरने वाली विवेक एक्सप्रेस ट्रेन श्रद्धालुओं के सफर को आरामदायक बना रही है।
यह रहेगा शेड्यूल
ट्रेन नंबर 19027, शनिवार दोपहर को बांद्रा टर्मिनस से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12.20 बजे हिसार स्टेशन पर पहुंचेगी। यहां करीब 35 मिनट के ठहराव के बाद यह ट्रेन 12.55 बजे जम्मूतवी के लिए रवाना हो जाएगी। यह ट्रेन रात साढ़े 11 बजे जम्मूतवी स्टेशन पर पहुंचेगी।
इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 19028, जम्मूतवी- बांद्रा टर्मिनस सोमवार सुबह 05.40 बजे जम्मूतवी से रवाना होकर दोपहर करीब 02.40 बजे हिसार स्टेशन पर आगमन करेगी। बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बरवाला, धुरी, लुधियाना, जालंधर कैंट और पठानकोट स्टेशन पर ठहराव करेगी।
आरामदायक सफर का मिलेगा अनुभव
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि हिसार सहित हरियाणा के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरने वाली इस ट्रेन का श्री माता वैष्णो देवी यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि यात्रा की योजना बनाने से पहले रेलवे के हेल्पलाइन नंबर या IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर शेड्यूल कंफर्म कर ले ताकि बाद में किसी तरह की अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।