तरावड़ी के गीता मॉडर्न स्कूल में 'मेरे सपनों का भारत' विषय पर पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिता आयोजित

गीता मॉडर्न स्कूल में मेरे सपनों का भारत के तहत पोस्टर मेकिंग व भाषण प्रतियोगिता आयोजित
स्वच्छ, नशामुक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत की कल्पना को बच्चों ने रंगों व शब्दों से दिया आकार
तरावड़ी /19 सितम्बर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स /रोहित लामसर
तरावड़ी में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गीता मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मेरे सपनों का भारत विषय पर पोस्टर मेकिंग एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कक्षा पांचवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति और राष्ट्र के प्रति अपने विचारों को रंगों एवं शब्दों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। स्वच्छ, नशामुक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत की कल्पना को बच्चों ने रंगों व शब्दों से आकार दिया।
पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, हरित भारत, नशामुक्त भारत और विकसित भारत जैसे विषयों को अपनी कल्पना के रंगों से कागज पर उतारा। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मेरे सपनों का भारत-2047 महिला सुरक्षा एवं सम्मान, आत्मनिर्भर भारत, नशामुक्त भारत तथा भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से समृद्ध भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने केवल अपनी कला, कौशल और अभिव्यक्ति क्षमता का प्रदर्शन ही नहीं किया, बल्कि यह भी संदेश दिया कि आज के बच्चे ही आने वाले भारत की दिशा तय करने वाले नागरिक हैं। मंच पर बच्चों के आत्मविश्वास और देश के भविष्य को लेकर उनकी सोच ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक और प्रबंधक ने की विद्यार्थियों की सराहना
विद्यालय की प्रधानाचार्या रागिनी राय ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के चित्रों में उन्हें नए भारत की झलक दिखाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों की रचनात्मकता को निखारने के साथ-साथ उनमें देशप्रेम और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं। विद्यालय के प्रबंधक बालकृष्ण त्रिपाठी ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि जिस भारत का सपना हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करने और उनके भीतर सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की ओर से सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर कर्मजीत कौर, डिंपल त्रिपाठी, निशा, किरण, प्रियंका, सपना सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।