नरवाना में भव्य गणपति महोत्सव और शिव महापुराण कथा का हुआ समापन, कैलाश सिंगला ने की सुख-शांति की कामना

गणपति महोत्सव के समापन अवसर पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, कैलाश सिंगला ने की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना
श्री सिद्धिविनायक सेवा समिति द्वारा आयोजित भव्य गणपति महोत्सव का श्रद्धा एवं उल्लास के साथ हुआ समापन
नरवाना / 21 सितम्बर 2026 /नरेंद्र जेठी /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
वक्रतुण्ड महाकाय सूर्यकोटि समप्रभ।
निर्विघ्नं कुरु मे देव सर्वकार्येषु सर्वदा॥”
श्री सिद्धिविनायक सेवा समिति, नरवाना द्वारा हुड्डा ग्राउंड, रेलवे रोड, नरवाना में आयोजित भव्य गणपति महोत्सव एवं श्री शिव महापुराण कथा का समापन दिवस श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान श्री गणेश एवं भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर श्री सिद्धिविनायक सेवा समिति के प्रधान श्री कैलाश सिंगला ने कांग्रेस महासचिव एवं सिरसा लोकसभा सांसद बहन कुमारी सैलजा के साथ कार्यक्रम में शिरकत की और वृंदावन से पधारे सुप्रसिद्ध कथा व्यास आचार्य राजेंद्र जी महाराज के श्रीमुख से श्री शिव महापुराण कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण किया।
श्री कैलाश सिंगला ने कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्नहर्ता एवं प्रथम पूजनीय देव हैं, जबकि भगवान शिव देवों के देव महादेव और कल्याण के स्वरूप हैं। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भक्ति, संस्कार, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूती मिलती है।
उन्होंने भगवान भोलेनाथ एवं श्री गणेश जी से सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, स्वास्थ्य एवं मंगल की कामना की। उन्होंने कहा कि श्री सिद्धिविनायक सेवा समिति द्वारा आयोजित यह धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा एवं आस्था का केंद्र बना रहा।
वृंदावन के सुप्रसिद्ध आचार्य राजेंद्र जी महाराज ने श्री शिव महापुराण की महिमा का वर्णन करते हुए भगवान शिव की भक्ति, धार्मिक आस्था एवं सदाचार के महत्व पर प्रकाश डाला। कथा के दौरान उपस्थित श्रद्धालु भक्ति में लीन दिखाई दिए और पूरे कार्यक्रम स्थल का वातावरण शिवमय एवं गणेशमय बना रहा।
“शैवं पुराणं परमं सर्वपापभयापहम्।
श्रवणात्पठनाच्चापि मुक्तिदं परमेष्ठिनः॥”
गणपति महोत्सव के समापन अवसर पर समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में प्रधान कैलाश सिंगला, पूर्व प्रधान नरेश जैन, राकेश शर्मा, संयोजक विनोद मंगला, कैशियर जयपाल बंसल, सलाहकार देवीराम गर्ग, सतीश बंसल, जितेंद्र जिंदल, राजेश बाता, पवन मित्तल, पंडित रोशन लाल वेदपाठी, तेजवंत राय गोयल, जियालाल गोयल, धौला नैन, महावीर नैन, संजीव धमतान, रोशनलाल पूर्व प्रधान उचाना, मा. किशोरी लाल, संजय दीवान, गंगा सिंह मोर, अमन जांगड़ा, रमेश लोधर, अर्जुन गोयल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।