रादौर में आठ दिवसीय गोगामाड़ी मेले का शुभारंभ, सेवा संकल्प अभियान और अन्य स्थानीय खबरें

रादौर में आठ दिवसीय गोगामाड़ी मेले का शुभारंभ, सेवा संकल्प अभियान और अन्य स्थानीय खबरें

रादौर में आठ दिवसीय ऐतिहासिक जाहरवीर गोगामाड़ी मेले का शुभारंभ शुक्रवार को भक्ति और उल्लास के माहौल में हुआ। मेले की विधिवत शुरुआत नगरपालिका कार्यालय से गोगामाड़ी तक निकाली गई पवित्र छड़ी निशान यात्रा और पूजा-अर्चना के साथ की गई। हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के पुत्र एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नेपाल राणा ने नगरपालिका चेयरमैन रजनीश मेहता और पार्षदों के साथ पवित्र छड़ी निशान की पूजा-अर्चना की। इसके बाद पवित्र निशान को गोगामाड़ी पर चढ़ाया गया। मेले के पहले ही दिन गोगामाड़ी पर माथा टेकने और आशीर्वाद लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता नेपाल राणा ने कहा कि जाहरवीर गोगा जी महाराज को कलयुग का साक्षात अवतार और भगवान श्रीकृष्ण का रूप माना जाता है। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु गोगा जी के दर्शन और आशीर्वाद के लिए राजस्थान सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों और विभिन्न प्रकार की विपत्तियों के बावजूद भारत के नागरिकों ने अपनी संस्कृति, संस्कारों, रीति-रिवाजों और धार्मिक मेलों की परंपरा को हमेशा जीवित रखा है। वहीं, नगरपालिका चेयरमैन रजनीश मेहता ने बताया कि मेले को लेकर नगरपालिका की ओर से सफाई, लाइटिंग, सांग और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अलग से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और निजी सिक्योरिटी गार्ड तैनात किए गए हैं। इस अवसर पर चेयरमैन रुपिंदर सिंह मल्ली, सचिव सुरेंद्र मलिक, एमई संदीप शर्मा, पार्षद व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

रादौर में सेवा संकल्प अभियान के तहत सुबह की सैर का आयोजन

सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर रादौर में सुबह की सैर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस अवसर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता नेपाल राणा ने की। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन राष्ट्र सेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा। अंत्योदय की भावना के तहत सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनके विचारों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, हेल्थ चेकअप, मैराथन, पेंटिंग प्रतियोगिता और प्रबुद्ध सम्मेलन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सुबह की सैर के दौरान कृषि मंत्री ने आम नागरिकों से संवाद किया और उन्हें नियमित सैर करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सेवा और जनकल्याण के कार्यों में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा द्वारा आयोजित सुबह की सैर कार्यक्रम सराहनीय है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद के विचार आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं। इस अवसर पर हरियाणा के सफाई आयोग के चेयरमैन ईश्वर पलाका, मार्किट कमेटी के अध्यक्ष रूपेंद्र सिंह मल्ली, नगर पालिका चेयरमैन रजनीश मेहता, ब्लॉक समिति में विपिन कम्बोज, मण्डल अध्यक्ष कृष्ण कंबोज, हरदीप सैनी, संध्या रावत व आदेश राणा, हैप्पी खेड़ी, मास्टर सतपाल मंधार, सतीश ठसका, सुरेंद्र सिंह चीमा, राज कुमार शर्मा सहित सैकड़ों गणमान्य व्यक्तियों व बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भाग लिया।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

रादौर में 22 वर्षीय युवती लापता और बैंक के बाहर से बाइक चोरी

थाना जठलाना क्षेत्र के एक गांव से 22 वर्षीय युवती के घर से बिना बताए चले जाने का मामला सामने आया है। युवती के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में लापता युवती के पिता ने बताया कि उसकी 22 वर्षीय लड़की 24 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। वहीं एक अन्य घटना में बैंक में आए एक युवक की बाइक चोरी हो गई। पुलिस को दी शिकायत में कंडरौली निवासी विकास ढांडा ने बताया कि वह पुलिस स्टेशन के समीप स्थित पंजाब नेशनल बैंक में किसी काम से आया था। लेकिन कुछ देर बाद जब वह बाहर आया तो उसने देखा कि उसकी बाइक वहां पर नहीं थी। उसने आसपास तलाश की लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया।

नवीन जिन्दल फाउंडेशन की मेडिकल वैन ने की मरीजों के स्वास्थ्य की जांच

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत नवीन जिन्दल फाउंडेशन की मेडिकल वैन रादौर हल्के के गांव बदनपुरी और मोडली पहुंची। यहां आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में ग्रामीणों को चिकित्सा परामर्श, जांच और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। डॉ. प्रमोद सिंह के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने 107 मरीजों की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित कीं। इस दौरान 7 लोगों के रक्त और यूरिन के टेस्ट भी किए गए। सांसद कार्यालय के प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत मेडिकल वैन के माध्यम से पूरे संसदीय क्षेत्र में करीब 100 नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल की ओर से महिला सशक्तिकरण, युवा कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार तथा किसानों के उत्थान से जुड़े विभिन्न कार्य भी किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के मिड-डे मील में मिलेट्स और दलिया जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल कराने के प्रयास भी किए गए हैं।

Share:

Comments

Leave a comment