धान खरीद की मांग पर कुरुक्षेत्र में किसानों का हंगामा, चंडीगढ़-दिल्ली नेशनल हाईवे पर जाम का प्रयास

हरियाणा की मंडियों में धान की खरीद शुरू नहीं होने से किसान भड़क गए हैं। किसानों ने कुरुक्षेत्र में विरोध प्रदर्शन किया है। किसानों ने चंडीगढ़-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाने का प्रयास किया है। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले चलाए हैं। लाठीचार्ज के दौरान कई किसान चोटिल हुए हैं। किसानों ने भी पुलिस कर्मियों पर पत्थर फेंके हैं। किसान संगठन कई दिनों से धान की खरीद शुरू करने की मांग कर रहे थे।
डीसी के साथ मीटिंग रही बेनतीजा
मंगलवार को कुरुक्षेत्र में उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के साथ किसानों की मीटिंग हुई थी। यह मीटिंग बेनतीजा रही थी। इसके बाद दोपहर एक बजे दिल्ली मार्ग पर जाम करने के लिए किसान निकले थे। किसानों ने बराड़ा रोड पर बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की थी। पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए वाटर कैनन चलाया था और आंसू गैस के गोले दागे थे। इसके बावजूद कुछ किसान फ्लाईओवर पर चढ़ गए थे। पुलिस ने इन किसानों को नीचे उतार लिया था। आधे घंटे तक चले बवाल के बाद किसानों ने बराड़ा रोड पर शहीद उधम सिंह स्मारक के पास धरना शुरू कर दिया था।
एसपी और डीएसपी मौके पर पहुंचे
हंगामे के बाद एसपी चंद्रमोहन भी हालात का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे थे। डीएसपी रणधीर ने कहा है कि जीटी रोड पर ट्रैफिक चल रहा है। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा है कि अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे किसानों पर पुलिस ने अत्याचार किए हैं। जब तक हमारी बात नहीं मानी जाएगी, हम यहीं रहेंगे। हमने मोर्चा लगा दिया है।
16 सितंबर को हुई थी बैठक
गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा है कि 16 सितंबर को धान की सरकारी खरीद को लेकर शाहाबाद अनाज मंडी में किसानों की बैठक हुई थी। इस बैठक में कुरुक्षेत्र के डीसी विश्राम कुमार मीणा भी पहुंचे थे। किसानों ने मंडियों में फसल पहुंचने का हवाला देते हुए जल्द खरीद शुरू करने की मांग की थी। प्रशासन ने बताया था कि राज्य सरकार ने केंद्र से तय समय से पहले 20 सितंबर से खरीद शुरू कराने का अनुरोध किया है। इस आश्वासन के बाद किसानों ने 20 सितंबर तक खरीद शुरू करने का अल्टीमेटम दिया था। मांग पूरी न होने पर किसानों ने 22 सितंबर को जाम लगाने की चेतावनी दी थी।