फरीदाबाद में नगर निगम ने पकड़े 5 हजार पशु, फिर भी सड़कों से नहीं हटे लावारिस मवेशी

फरीदाबाद में नगर निगम ने पकड़े 5 हजार पशु, फिर भी सड़कों से नहीं हटे लावारिस मवेशी

फरीदाबाद में सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा पशुओं को अब दूसरे जिलों की गौशालाओं में भेजा जाएगा। नगर निगम का कहना है कि शहर की तीनों गौशालाओं में पहले ही क्षमता से अधिक पशु रखे हुए हैं। ऐसे में अब पड़ोसी जिलों की गौशालाओं में पशुओं को भेजने की तैयारी की जा रही है। इसकी शुरुआत नूंह की गोशाला से किए जाने की योजना है।

  • फरीदाबाद में सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा पशुओं को दूसरे जिलों की गौशालाओं में भेजा जाएगा।
  • नगर निगम की तीनों गौशालाओं में क्षमता से अधिक पशु पहले से मौजूद हैं।
  • निगम कमिश्नर यशेंद्र सिंह ने पांचों जोन के ज्वाइंट कमिश्नरों को रोजाना निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी है।
  • पिछले 2 साल में आवारा पशुओं के कारण हुए हादसों में 15 लोग घायल हुए हैं और 6 लोगों की मौत हो चुकी है।

## निगम अधिकारियों को दी गई जिम्मेदारी

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

शहर में बेसहारा पशुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नगर निगम ने रोजाना निगरानी की व्यवस्था की है। निगम कमिश्नर यशेंद्र सिंह ने पांचों जोन के ज्वाइंट कमिश्नरों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। ज्वाइंट कमिश्नर प्रतिदिन स्वास्थ्य शाखा से रिपोर्ट लेंगे। इसमें यह जानकारी ली जाएगी कि दिनभर में कितने पशुओं को सड़कों से पकड़ा गया और कितने पशुओं को गोशाला तक पहुंचाया गया।

## हादसों में हो चुकी हैं मौतें

निगम से मिली जानकारी के अनुसार अभी तक 2 साल में अवारा पशुओं के कारण हुए हादसे में 15 लोग घायल हुए है। जबकि इस दौरान 6 लोगों की मौत हो चुकी है। दावा है कि वर्ष 2024 से वर्ष 2026 के बीच करीब पांच हजार लावारिस पशुओं को पकड़कर विभिन्न गौशालाओं में छोड़ा गया।

## विभिन्न गौशालाओं में छोड़े गए पशु

इनमें सबसे ज्यादा 2044 पशु श्री गोपाल गोशाला में रखे गए हैं। इसके अलावा 1739 गो रक्षा सदन मवई में और 578 गो मानव सेवा ट्रस्ट में रखे गए हैं। इसके अलावा देवाश्रय एनिमल हॉस्पिटल में 52, छांयसा गोशाला में 43 और नवादा गोशाला में 319 पशु भेजे गए हैं। इसके बावजूद शहर की सड़कों पर पशुओं की संख्या कम होने के बजाय बढ़ती ही नजर आ रही है।

## मालिकों पर कार्रवाई के निर्देश

निगम की ओर से यह भी जानकारी जुटाई जाएगी कि सड़कों पर पशु छोड़ने वाले कितने लोगों के खिलाफ जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों को पशुओं को सड़क से हटाने के साथ-साथ उनके मालिकों पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। निगम का उद्देश्य शहर की मुख्य सड़कों और रिहायशी क्षेत्रों में बेसहारा पशुओं की संख्या को कम करना है।

## वाहन चालकों के लिए परेशानी

औद्योगिक नगरी में सड़कों पर घूमने वाले पशु वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। रात के समय सड़क पर बैठे पशु दिखाई नहीं देने से हादसे का खतरा और बढ़ जाता है। करीब दो सप्ताह पहले अंधेरे में सड़क पर बैठी गाय बाइक सवार को दिखाई नहीं दी थी। बाइक के गाय से टकराने के बाद हादसे में उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद निगम की कार्रवाई पर भी सवाल उठे थे।

## गौशालाओं में क्षमता से अधिक पशु

फरीदाबाद में नगर निगम की निगरानी में तीन गौशालाएं हैं। निगम की ओर से इन गौशालाओं को फंड भी दिया जाता है। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार तीनों गौशालाओं में उनकी क्षमता से अधिक पशु पहले से मौजूद हैं। इसी वजह से अब पशुओं को दूसरे जिलों की गौशालाओं में भेजने का विकल्प अपनाया जा रहा है। नगर निगम कमिश्नर यशेंद्र सिंह ने बताया कि सड़कों से बेसहारा पशुओं को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Share:

Comments

Leave a comment