फरीदाबाद पुलिस विभाग के आठ अधिकारी और कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त, दी गई भावभीनी विदाई

फरीदाबाद पुलिस परिवार के आठ अधिकारियों और कर्मचारियों को बुधवार को भावभीनी विदाई दी गई। पुलिस विभाग में वर्षों तक ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं देने वाले इन कर्मियों को विदाई दी गई।
पुलिस आयुक्त कार्यालय के सभागार में हुआ विदाई समारोह
सेक्टर-21सी स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय के सभागार में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों को स्मृति-चिह्न, उपहार एवं शुभकामना भेंट करके सम्मानित किया गया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके दीर्घकालीन सेवाकाल को याद किया। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं खुशहाल भविष्य की कामना की। इस समारोह में सहायक पुलिस आयुक्त बडख़ल अर्जुन देव सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह का माहौल एक ओर जहां सम्मान और गौरव से भरा रहा, वहीं लंबे समय तक साथ काम करने वाले सहकर्मियों से विदाई के दौरान भावुक क्षण भी देखने को मिले।
सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के नाम
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेवानिवृत्त होने वालों में कुल आठ नाम शामिल हैं। इनमें इंस्पेक्टर हरभोज खान, इंस्पेक्टर बलजीत सिंह, इंस्पेक्टर यशपाल, एसआई योगेश, ईएसआई बादाम सिंह, ईएसआई महावीर सिंह, ईएसआई राजेंद्र तथा ईएसआई कन्हैया शामिल हैं। इन सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने तथा आमजन की सेवा में अहम योगदान दिया। इन सभी ने अपने विभागीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ किया।