फरीदाबाद में नमो मैराथन: सीएम नायब सैनी बोले- पसीना, पदक और पराक्रम हरियाणा की पहचान

फरीदाबाद में आयोजित नशा-मुक्त हरियाणा फरीदाबाद नमो मैराथन-2026 में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिरकत की। मुख्यमंत्री ने नमो मैराथन को हरी झंडी दिखाई और प्रतिभागियों पर फूल बरसाए।
- नशे के खिलाफ उठी बुलंद आवाज: सीएम सैनी ने कहा कि मैराथन से नशे के खिलाफ हरियाणा की बुलंद आवाज उठी है।
- पसीना, पदक और पराक्रम: हरियाणा की पहचान पसीना, पदक और पराक्रम है।
- भारी भागीदारी: मैराथन में 1 लाख 35 हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया।
- विजेताओं की सूची: विभिन्न श्रेणियों में प्रशांत चौधरी, सोनिका, रोहित कुमार और नीरू रानी विजेता रहे।
नशे के खिलाफ उठी हरियाणा की बुलंद आवाज
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि नमो मैराथन में फरीदाबाद की धरती से नशे के खिलाफ आज हरियाणा की बुलंद आवाज उठी है। उन्होंने कहा कि मैराथन में आगे बढ़ रहे ये कदम केवल सडक़ पर दौड़ नहीं रहे, बल्कि नशे के खिलाफ प्रदेश की सामूहिक चेतना और संकल्प को आगे ले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सैनी रविवार को सूरजकुंड की ऐतिहासिक धरती से नशा-मुक्त हरियाणा फरीदाबाद नमो मैराथन-2026 को हरी झंडी दिखाने के उपरांत उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मैराथन में शामिल प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान पसीना, पदक और पराक्रम है। हरियाणा का युवा नशे से नहीं, बल्कि मेहनत, प्रतिभा और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण से पहचाना जाता है। उन्होंने युवाओं से नशे को दृढ़ता से ‘ना’ कहने का आह्वान किया।
नशा शरीर और समाज को करता है कमजोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा शरीर को कमजोर करने के साथ-साथ सपनों को छीनता है, परिवार को प्रभावित करता है और समाज को खोखला करता है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को नशे में नहीं, बल्कि खेल, शिक्षा, कौशल, रोजगार, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया।
फरीदाबाद में आयोजित इस भव्य मैराथन में 1 लाख 35 हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया और लगभग सभी पंजीकृत प्रतिभागियों ने लगभग पूर्ण सहभागिता से मैराथन में भाग लिया। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने सूरजकुंड को नशामुक्ति के सामूहिक संकल्प की विराट तस्वीर में बदल दिया।
विराट जनसंदेश और दिलाई गई शपथ
सुबह से ही आयोजन स्थल पर युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, खिलाडि़यों, विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। यह आयोजन केवल एक दौड़ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नशामुक्ति, फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, युवा शक्ति, सामाजिक एकजुटता और राष्ट्र निर्माण का व्यापक जनसंदेश बनकर सामने आया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बड़ी संख्या में उपस्थित प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की शपथ दिलाई। प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।
मैराथन की विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता
नशा-मुक्त हरियाणा फरीदाबाद नमो मैराथन-2026 की विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 21.1 किलोमीटर पुरुष वर्ग में प्रशांत चौधरी विजेता, विक्रम सिंह प्रथम रनर-अप तथा अनुज मीणा ने द्वितीय रनर-अप स्थान हासिल किया। वहीं 21.1 किलोमीटर महिला वर्ग में सोनिका विजेता रहीं, जबकि मानव राणा ने प्रथम रनर-अप और भूमिका ने द्वितीय रनर-अप स्थान प्राप्त किया।
10 किलोमीटर पुरुष वर्ग में रोहित कुमार विजेता, गौरव प्रथम रनर-अप तथा निशांत करहाना द्वितीय रनर-अप रहे। इसी प्रकार 10 किलोमीटर महिला वर्ग में नीरू रानी ने प्रथम स्थान, सोनिया उपाध्याय ने प्रथम रनर-अप तथा रीमा पटेल ने द्वितीय रनर-अप स्थान हासिल किया।
गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, प्रदेश के राजस्व मंत्री विपुल गोयल, खाद्य एवं पूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर, खेल मंत्री गौरव गौतम, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनैतिक सचिव एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अजय गौड़, मुख्यमंत्री के मीडिया एडवाइजर राजीव जेटली सहित विधायकगण व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।