फरीदाबाद में पुरानी रंजिश के चलते मुकेश कुमार की हत्या के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया

फरीदाबाद के गांव ताजूपुर में पुरानी रंजिश के चलते मुकेश कुमार की हत्या के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गांव दयालबाग निवासी रोहित के रूप में की गई है। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मंदिर जाते समय रास्ते में आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला किया था।
घटना की शिकायत और पुरानी रंजिश
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव ताजूपुर निवासी जगमीत ने थाना सदर बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया था कि करीब चार-पांच माह पहले उसके पिता मुकेश कुमार का गांव के ही प्रवीन और आलोक के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद कुछ युवकों को बुलाकर मुकेश को धमकी भी दी गई थी।
मंदिर जाते समय हुआ हमला
12 सितंबर को मुकेश कुमार मन्दिर जाने के लिए घर से निकले थे। दोपहर के समय परिजनों को सूचना मिली कि रास्ते में कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की है। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस शिकायत के आधार पर थाना सदर बल्लभगढ़ में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस पूछताछ और साजिश का खुलासा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुकेश का कुछ माह पहले प्रवीन और आलोक के साथ विवाद हुआ था। दोनों ने विवाद की जानकारी अपनी बुआ के लड़के कुलदीप को दी थी। इसके बाद कुलदीप ने रोहित सहित अन्य युवकों को एकत्रित किया। पुलिस के अनुसार 12 सितंबर को मुकेश जब मंदिर जाने के लिए निकले तो आरोपियों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया और लाठी-डंडों से मारपीट की, जिसमें उनकी मौत हो गई। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। आरोपी रोहित से रिमांड के दौरान वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।