फरीदाबाद में आर्य समाज कथा में बोलीं अंजलि आर्या, समाज की गति और दशा महापुरुषों पर निर्भर

फरीदाबाद, 21 सितम्बर। फरीदाबाद के सेक्टर-28-31 स्थित आर्य समाज में चल रही योगीराज युगपुरुष वैदिक श्रीकृष्ण कथा के दौरान कथा वाचिका अंजलि आर्या ने महत्वपूर्ण विचार रखे। उन्होंने कहा कि समाज की गति और दशा श्रेष्ठ महापुरुषों व महान आत्माओं पर निर्भर करती है। वे श्रेष्ठ पुरुष जिस काल में भी होते हैं, हमेशा प्रेरणा के स्रोत होते हैं। उनके जाने के बाद भी उनके आदर्श हमारे जीवन के लिए प्रेरणा बन जाते हैं।
कथा वाचिका अंजलि आर्या ने आगे बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने हमेशा सत्य के लिए प्रयास किए। उन्होंने असत्य और अधर्म पर चलने वाले लोगों का सर्वनाश भी किया। उनके जीवन की यह सभी प्रेरणाएं हम सभी को धर्म से जोडऩे का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं। दुनिया में अगर माना जाए तो भारत देश सबसे बड़ा धार्मिक देश है। इस देश में सैंकड़ों और हजारों वर्षों से धार्मिक रीति, परंपराओं, उपदेशों और महापुरुषों के व्याख्यानों की चर्चाएं होती आ रही हैं। इन सभी को अपने जीवन में उतारने की मुख्य प्रेरणा हमें धर्म से ही मिलती है।
इस अवसर पर कार्यक्रम के दौरान आर्य समाज के प्रधान प्रवीण गोयल ने कथा वाचिका अंजलि आर्या का स्वागत किया। इसके साथ ही उन्होंने कथा श्रवण करने के लिए आए जिले के विभिन्न आर्य समाजों के पदाधिकारी और शहर के गण्यमान्य लोगों का भी स्वागत किया। इस कार्यक्रम में कमेटी के पदाधिकारी राजीव गुप्ता, सुभाष नागपाल, प्रवीण महेंदरू और आरके आर्य सहित सभी सदस्यों ने पूरी व्यवस्था को बनाए रखने में अपना पूरा सहयोग प्रदान किया।