हरियाणा के पलवल में पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़: एक के पैर में लगी गोली, दो आरोपी फरार

हरियाणा के पलवल से बड़ी खबर आई है। यहां होडल-पुन्हाना मार्ग पर पुलिस और गोतस्करों की बीच मुठभेड़ हो गई। एवीटी स्टाफ हथीन और गोतस्करों के बीच हुई इस मुठभेड़ एक गोतस्कर को गोली लगी और वह घायल हो गया। वहीं उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल गोतस्कर गिरफ्तार कर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया है।
आरोपी के खिलाफ यूपी में दर्ज है 8 मुकदमे
जानकारी के अनुसार पुलिस की गिरफ्त में आया ये आरोपी बुलंदशहर (UP) के अरनिया का रहने वाला है। आरोपी की पहचान आसिफ के रूप में हुई है। उसके खिलाफ यूपी के थानों में लूट और आर्म्स एक्ट समेत आठ मुकदमे दर्ज हैं।
इस मामले में डीएसपी नरेंद्र खटाना ने बताया कि एवीटी हथीन((Anti-Vehicle Theft Staff) प्रभारी तेजपाल को सूचना मिली थी कि गोकशी मामले में फरार आसिफ अपने साथियों गुलाब और काला के साथ होडल-पुन्हाना मार्ग पर है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस को देख आसिफ, गुलाब और काला ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की टीम ने भी दो फायर किए। इस दौरान एक गोली आसिफ के पैर में लगी और वह घायल हो गया। वहीं उसके साथ गुलाब और काला फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से आसिफ को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से पुलिस ने एक कट्टा, एक खाली खोल, दो जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर की बाइक बरामद की है। आरोपी को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।