दुष्यंत चौटाला का भाजपा सरकार पर हमला, कहा- आसमान छू रही महंगाई और ठप पड़ी व्यवस्था

महंगाई सिर्फ रसोई तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में भी खर्च बढ़ रहा है -दुष्यंत चौटाला
मंहगाई मध्यम और गरीब परिवारों के लिए बड़ी चिंता का विषय-दुष्यंत चौटाला
नरेंद्र जेठी/नरवाना / /27 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। नरवाना में दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने महंगाई, किसानों के मुद्दे, विधानसभा सत्र और प्रदेश में जारी हड़तालों को लेकर सरकार को घेरा। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा राज में महंगाई आसमान छू रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का जीवन मुश्किल कर दिया है।
दुष्यंत चौटाला ने अपने संबोधन में कहा कि आज महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई का बजट लगातार बिगड़ रहा है, और रोजमर्रा की जरूरत की चीजें आम परिवार की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि जिस चीनी की कीमत में महज दो रुपए की बढ़ोतरी पर कभी उनके नेता संसद तक में हंगामा करते थे, आज वही चीनी आम आदमी से दूर होती जा रही है।
उन्होंने सवाल किया कि जब विपक्ष में रहते हुए छोटी-छोटी कीमतों पर सरकार को घेरा जाता था, तो आज बढ़ती महंगाई पर जवाब कौन देगा? अटल जी के समय 2 रुपए चीनी महंगी होने पर संसद में जवाब देना पड़ता था, आज 20-25 रुपए बढऩे पर भी सरकार चुप है। दुष्यंत चौटाला ने आगे कहा कि आम आदमी के सामने घर का राशन चलाने, बच्चों की पढ़ाई कराने और अन्य जरूरी खर्च पूरे करने की चुनौती खड़ी है। उन्होंने जोर दिया कि महंगाई सिर्फ रसोई तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में भी खर्च बढ़ रहा है, जो मध्यम और गरीब परिवारों के लिए बड़ी चिंता का विषय है। खाने-पीने से लेकर रोजमर्रा की चीजों के दाम तेजी से बढ़े हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें गिरने के बावजूद गैस, पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं घटाए जा रहे। उन्होंने सरकार से आम जनता की परेशानी को समझने और महंगाई पर ठोस कदम उठाने की मांग की। अपनी पार्टी की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए चौटाला ने कहा कि बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि प्रदेश के बच्चों को बेहतर शिक्षा और आगे बढऩे के अवसर मिल सकें। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन आम आदमी की आय और राहत उसी रफ्तार से क्यों नहीं बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि इस बार बरसात कम होने से फसल उत्पादन घटने की चिंता है, सरकार को इस पर गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। उन्होने सरकार पर विधानसभा सत्र छोटा कर चर्चा से बचने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा सरकार विधानसभा और संसद की गरिमा को तार-तार कर रही है। सत्र छोटे कर चर्चा से बचा जा रहा है। चर्चा नहीं होगी तो सुझाव नहीं आएंगे और देश-प्रदेश आगे नहीं बढ़ेगा। आज उन्होने सरकार व सीएम को हड़तालों पर भी घेरा, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हड़ताली सफाई कर्मचारियों से बात करने को तैयार नहीं हैं, शहरों में पुलिस के पहरे में कचरा उठ रहा है।
पटवारी-कानूनगो भी हड़ताल पर हैं। सीएम को सुबह-शाम पूर्व सरकारों को कोसने की बजाय हालात पर ध्यान देना चाहिए। गुरुग्राम जो प्रदेश का 70 प्रतिशत राजस्व देता है, वहां थोड़ी सी बारिश में ही बुरा हाल हो जाता है।जेबीटी भर्ती मामले पर एक सवाल के जवाब में दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अगर घोटाला हुआ था तो हाईकोर्ट ने 3206 जेबीटी शिक्षकों को नौकरी और रिटायरमेंट के सारे फायदे क्यों दिए? गरीबों के घर चूल्हा जलाने के लिए ओमप्रकाश चौटाला और अजय सिंह चौटाला सजा काट आए। कोर्ट ने भर्ती को मान्य किया है। अगर सीएम को आपत्ति है तो हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएं।
उन्होंने पंजाब की तर्ज पर हरियाणा में भी जॉब सिक्योरिटी कानून लाने की मांग उठाई। इससे पहले हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला व जेजेपी के वरिष्ठ नेताओं ेने नरवाना की विश्वकर्मा धर्मशाला में बीएलए-2 नरवाना में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर एसआईआर और संगठन मजबूती को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा, राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, राष्ट्रीय सचिव कृष्णा राठी, प्रदेश कार्यालय सचिव रविंद्र सांगवान, जिला प्रधान जोरा सिंह डूंगर, हलका प्रधान सुरेंद्र गोयत ने संबोधित किया। मंच संचालन प्रदेश प्रवक्ता बिट्टू नैन ने किया। इस मौके पर हलका प्रभारी ईश्वर नैन, बलवान दनोदा, संयोजक शमशेर बड़वाड़ा, किसान प्रधान तारा चहल, युवा प्रधान रॉबिन धनौरी, युवा प्रधान अवतार गुर्थली, वरिष्ठ नेता जगदीश गुरुसर, बलजीत मालू धनौदा, राजेश पुनिया, संदीप शर्मा, प्रवीन चोपड़ा, सुनील अमरगढ़, नवीन सिंहसर, वेद फौजी, सुबह सिंह बेलार आदि मौजूद रहे।