आदर्श स्कूल कैरू की दिव्यांशी ने दिल्ली एयरपोर्ट से भरी अपने सपनों की उड़ान, चेयरमैन आर.के. बंगालिया ने दिए टिकट

आदर्श स्कूल कैरू की दिव्यांशी ने दिल्ली एयरपोर्ट से भरी अपने सपनों की उड़ान : चेयरमैन आर.के. बंगालिया
विष्णु दत्त शास्त्री/तोशाम/ 01 अक्तूबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
आदर्श स्कूल कैरू की होनहार छात्रा दिव्यांशी ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा में प्रदेश स्तर पर टॉप किया था। गुरुवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर आदर्श ग्रुप ऑफ स्कूल के चेयरमैन आर.के. बंगालिया ने दिव्यांशी और उसके परिवार को निशुल्क भारत भ्रमण के लिए हवाई यात्रा की टिकटें सौंपी। इस विशेष अवसर पर दिव्यांशी अपने माता-पिता के साथ दिल्ली एयरपोर्ट से पहली हवाई उड़ान भरकर भारत भ्रमण के लिए रवाना हुई।
परिवार के साथ हवाई यात्रा का सपना पूरा
हौसले बुलंद हों तो आसमान भी छोटा लगने लगता है और इस कहावत को कैरू के आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा दिव्यांशी ने सच कर दिखाया है। गुरुवार का दिन दिव्यांशी के जीवन का सबसे यादगार दिन बन गया। आदर्श संस्थान की यह परंपरा रही है कि बोर्ड टॉपर को हवाई यात्रा से भारत भ्रमण करवाया जाता है। इस बार संस्था ने एक नया उदाहरण पेश किया है और दिव्यांशी की मेहनत को देखते हुए उसके परिवार को भी इस खुशी में शामिल किया गया है। चेयरमैन आर.के. बंगालिया ने टिकट सौंपते हुए कहा कि बेटी की सफलता के पीछे परिवार का त्याग सबसे बड़ा होता है। इसलिए परिवार का भी हवाई जहाज में बैठने का सपना पूरा होना चाहिए।
ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण और खर्च
दिव्यांशी ने कहा कि उसने कभी सोचा भी नहीं था कि वह अपने माता-पिता के साथ हवाई यात्रा करेगी। यह सब आदर्श स्कूल की वजह से संभव हुआ है। इस भारत भ्रमण के दौरान दिव्यांशी अपने परिवार के साथ दिल्ली से त्रिवेंद्रम, कन्याकुमारी, बेंगलुरु आदि के अतिरिक्त मार्ग में पड़ने वाले ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेगी। इस पूरी यात्रा का सम्पूर्ण खर्च आदर्श संस्थान द्वारा वहन किया जा रहा है।
स्कूल प्राचार्य ने दी बधाई और शुभकामनाएं
आदर्श स्कूल कैरू के प्राचार्य एस.एन.पालीवाल ने दिव्यांशी और उसके परिवार को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि दिव्यांशी ने अपनी मेहनत और अनुशासन से स्कूल का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। प्राचार्य ने यह भी कहा कि दिव्यांशी की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए एक बड़ा प्रेरणा स्रोत है। स्कूल प्रबंधन हमेशा ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर रहेगा और उन्होंने दिव्यांशी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।