हरियाणा के छोटे से कस्बे को मिला बड़ा तोहफा, दिल्ली के लिए शुरू हुई सीधी बस सेवा; देखें टाइमिंग

हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं। एक तरफ जहां साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाया जा रहा है तो वहीं दूसरी ओर प्रदेश के छोटे-छोटे कस्बों और शहरों से चंडीगढ़ और दिल्ली जैसे बड़े शहरों के लिए सीधी बस सेवा उपलब्ध कराकर उन्हें बेहतर सफर की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
यात्रियों को मिली बड़ी खुशखबरी
हिसार जिले के उकलाना बस स्टैंड से दिल्ली के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों को बड़ी सौगात दी गई है। अब इस इलाके के लोगों को अपने घर के नजदीक से दिल्ली के लिए सीधी बस सुविधा का लाभ मिलेगा। पहले इन्हें दिल्ली जाने के लिए हिसार या नरवाना बस स्टैंड तक भागदौड़ करनी पड़ती थी।
यह बस उकलाना बस स्टैंड से सुबह साढ़े 5 बजे रवाना होकर सुबह 6 बजे बरवाला और पौने 7 बजे हिसार से होते हुए दिल्ली का सफर तय करेगी। इसी तरह वापसी में दिल्ली से सुबह 11.35 बजे रवाना होकर 12.40 बजे बहादुरगढ़, दोपहर 01.40 बजे रोहतक से होते हुए शाम साढ़े 6 बजे उकलाना पहुंचेगी। बीच रास्ते यह बस दोनों दिशाओं में बरवाला, हिसार, हांसी, मुंढाल, महम, रोहतक, बहादुरगढ़ बस स्टैंड पर ठहराव करेगी।