हिसार में डीएचबीवीएन एमडी विक्रम सिंह का कड़ा निर्देश, लंबित चार्जशीट और विभागीय कार्रवाई जल्द निपटाएं

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम यानी DHBVN में कर्मचारियों के लंबित पदोन्नति मामलों को लेकर प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने शुक्रवार को अधिकारियों को तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पदोन्नति प्रक्रिया में अनावश्यक देरी बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी स्तर पर लंबित चार्जशीट अथवा विभागीय कार्रवाई का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण किया जाए। इसके बाद पात्र कर्मचारियों के पदोन्नति मामलों को समयबद्ध तरीके से अंतिम रूप दिया जाए।
प्रशासन और मानव संसाधन शाखाओं को दिए निर्देश
प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने शुक्रवार को प्रशासन और मानव संसाधन से जुड़ी शाखाओं को आपसी समन्वय के साथ सभी लंबित पदोन्नति मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में दस्तावेज, विभागीय कार्रवाई या अन्य कोई प्रक्रिया लंबित है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि प्रशासनिक देरी के कारण किसी भी कर्मचारी की पदोन्नति प्रभावित न हो।
अधिकारियों को अद्यतन स्थिति तैयार रखने के आदेश
उन्होंने मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं, एडमिन एवं एचआर तथा संबंधित प्रशासनिक और मानव संसाधन शाखाओं को लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने को कहा है। विक्रम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी सप्ताह होने वाली समीक्षा से पहले सभी लंबित मामलों की पूरी अद्यतन स्थिति तैयार रखी जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का नियमानुसार निस्तारण संभव है, उन्हें समीक्षा से पहले ही पूरा कर लिया जाए।
समीक्षा प्रक्रिया का उद्देश्य और जनसंपर्क अधिकारी का बयान
डीएचबीवीएन के जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ ने इस संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि प्रबंध निदेशक के इन सभी निर्देशों का मुख्य उद्देश्य पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और सुचारु बनाना है। इससे पात्र कर्मचारियों को अनावश्यक प्रशासनिक देरी का सामना नहीं करना पड़ेगा और सभी लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण हो सकेगा ताकि आगामी सप्ताह वे खुद इन मामलों की समीक्षा करेंगे।