आशीर्वाद के दीये से टोहाना में जगा सेवा का संकल्प: देवेंद्र बबली ने किया शुभारंभ

Atal Hind Team Online18 September 20263 min read60 viewsफतेहाबाद
आशीर्वाद के दीये से टोहाना में जगा सेवा का संकल्प: देवेंद्र बबली ने किया शुभारंभ

आशीर्वाद के दीये से टोहाना में जगा सेवा का संकल्प

-पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने बस अड्डा परिसर में जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’, गांव-गांव पहुंचेगा सेवा और जनभागीदारी का संदेश

टोहाना/18 सितंबर2026/ अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ टोहाना उपमंडल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज हुआ। नए बस अड्डा परिसर में आयोजित उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। दीये की रोशनी के साथ ही सेवा और जनभागीदारी के इस संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए आगामी एक माह तक चलने वाली विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों की भी शुरुआत हुई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। अभियान के तहत टोहाना उपमंडल के गांवों में बूथों, धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक भवनों, सरकारी एवं निजी स्कूलों, अमृत सरोवरों तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

सेवा केवल कार्यक्रम नहीं, समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी : देवेंद्र बबली

इस अवसर पर पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि सेवा केवल कोई कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संस्कार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यात्रा सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना से जुड़ी रही है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ इसी भावना को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन की वास्तविक सार्थकता है। जब सरकारी प्रयासों के साथ समाज की भागीदारी जुड़ती है तो जनकल्याणकारी कार्यों का प्रभाव और अधिक व्यापक होता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर इसे जन-जन का अभियान बनाएं तथा सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सहयोग और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

सरकारी योजनाओं की जानकारी के साथ मौके पर मिलेंगी सेवाएं: एसडीएम आकाश शर्मा

एसडीएम टोहाना आकाश शर्मा ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक उपमंडल में विभिन्न विभागों के माध्यम से जनकल्याणकारी, जागरूकता, स्वच्छता, सेवा एवं जनभागीदारी से संबंधित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकारी विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों में नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लोगों को आवश्यक सरकारी सेवाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत आयोजित होने वाली प्रत्येक गतिविधि में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।

लाभार्थियों ने साझा किए योजनाओं से आए बदलाव के अनुभव

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया और उन्हें आगे बढ़ने के नए अवसर मिले। लाभार्थियों के अनुभवों ने कार्यक्रम को जनसरोकार से जोड़ने के साथ यह संदेश भी दिया कि सरकारी योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचकर उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए।

इस अवसर पर आशीर्वाद का दीया संयोजन संजय रेवड़ी, नप चैयरमेन नरेश बंसल, नायाब तहसीलदार अनिल कुमार, परिवहन जीएम मनोज शर्मा, चेयरमैन जगजीत हुड्डा, महामंत्री विकास ललौदा, मंडल अध्यक्ष परवीन गिल, रमेश गोयल, संकेत गर्ग, रामदेव शर्मा, कृष्ण गोयल, रमेश बुडानिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

फोटो 01 : 'आशीर्वाद का दीया' उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम में दीप प्रज्वलित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली एवं अन्य गणमान्य अतिथि।

फोटो 02-03: ​'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम में उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली।

Share:

Comments

Leave a comment