गुरुग्राम में सांसद दीपेंद्र हुड्डा की मांग, हरियाणा के खिलाड़ी जीत रहे हैं सबसे ज्यादा मेडल तो कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 यहीं कराए जाएं

गुरुग्राम में सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने एक बयान दिया है। हर चीज गुजरात में ही क्यों ले जा रही है, इस पर उन्होंने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मांग की है कि कॉमनवेल्थ खेल 2030 हरियाणा में ही कराए जाएं। गुरुग्राम के गांव बिनौला में उन्होंने इंडियन नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी मंजूर कराई थी। इस यूनिवर्सिटी का शिलान्यास पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने किया था। अब उस यूनिवर्सिटी को बीजेपी गुजरात के गांधीनगर में ले गई है। वे शनिवार को पटौदी ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
डिफेंस यूनिवर्सिटी का काम ठंडे बस्ते में डाला
भूमि अधिग्रहण, चारदीवारी, परिधीय मार्ग, गार्ड कक्ष और निगरानी टावर जैसे काम पूरे भी करा दिए गए थे। लेकिन उसके बाद केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार बन गई। भाजपा सरकार ने डिफेंस यूनिवर्सिटी का काम ठंडे बस्ते में डाल दिया। बीजेपी सरकार सब चीज गुजरात ले जा रही है। अगर रक्षा विश्वविद्यालय बनाना हो तो गुजरात में, बुलेट ट्रेन बनानी हो तो गुजरात में, कॉमनवेल्थ खेल कराने हों तो गुजरात में, ओलंपिक खेल कराने हों तो गुजरात में ही सब काम हो रहे हैं।
मेडल जीतने में हरियाणा का बड़ा योगदान
अभी तक जितने भी मेडल देश के खाते में आए हैं उनमें से 60 प्रतिशत हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं या टीम के रूप में उनका योगदान रहा है। अगर 60 प्रतिशत से ज्यादा मेडल हरियाणा के खिलाड़ी जीतकर ला रहे हैं तो मेरिट के आधार पर कॉमनवेल्थ खेल हरियाणा में ही होने चाहिए। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी ने चुनाव आयोग की मिलीभगत से हरियाणा समेत हर प्रदेश में वोट चोरी का खेल किया है। इसकी पोल चुनाव आयोग के दो चुनाव आयुक्तों ने खोल दी है।
वोट चोरी और सरकार पर गंभीर आरोप
हरियाणा में वोट चोरी ही नहीं, पूरी सरकार चोरी की गई है। तीन में से दो चुनाव आयुक्तों ने 10 महीने में 14 चिट्ठी लिखकर वोट चोरी के खेल को बेनकाब कर दिया है। सत्ता हथियाने के लिए भाजपा सरकार के सारे इंतजाम और जुगाड़ जनता के सामने उजागर हो गए हैं। सांसद ने कहा कि बीजेपी सरकार ने देश को खोखला कर दिया है। आज महंगाई चरम पर पहुंच गई है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस से लेकर चीनी तक सब कुछ महंगा हो गया है।
महंगाई और नौकरी के मुद्दों पर घेरा
पिछले 12 साल में प्रदेश के नौजवान का भट्टा बैठा दिया गया है। सारी पक्की सरकारी नौकरियां खत्म कर दी गई हैं। बीजेपी सरकार ने अग्निपथ योजना लाकर फौज की पक्की भर्ती को भी कच्चे में बदल दिया है। ऐसे समय में जब सारी दुनिया बारूद के ढेर पर बैठी है और ताकतवर देश कमजोर देशों पर हमले कर रहे हैं, फौज को कमजोर करना राष्ट्रहित में नहीं है। सरकार ने एचकेआरएन के जरिए कच्ची नौकरियां बना दी हैं।