दीपेन्द्र हुड्डा का भाजपा सरकार पर बड़ा हमला, कहा- साढ़े 12 साल में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौपट कर दी

दीपेन्द्र हुड्डा का भाजपा सरकार पर बड़ा हमला, कहा- साढ़े 12 साल में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौपट कर दी

अटल हिन्द ब्यूरो। रेवाड़ी में आज रेवाड़ी ब्लॉक कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यकर्ता सम्मेलन में AICC हरियाणा प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और सांसद दीपेन्द्र हुड्डा विशेष रूप से शामिल हुए। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने अपने संबोधन के दौरान भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पार्ट-टाइम मुख्यमंत्री हैं और यही मुख्य कारण है कि आज पूरा हरियाणा भयंकर दुर्दशा का शिकार बना हुआ है।

साढ़े 12 साल में देश और प्रदेश को विकास की पटरी से उतारा

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने अपने संबोधन में आगे कहा कि साढ़े 12 साल में बीजेपी ने देश और प्रदेश को विकास और खुशहाली की पटरी से पूरी तरह उतार दिया है। हरियाणा के पार्ट-टाइम मुख्यमंत्री अक्सर पंजाब जाकर बड़े-बड़े वायदे करते हैं। इससे पहले बिहार चुनाव के समय भी वे बिहार जाकर पूरे 6 महीने रहे थे और वहां जाकर उन्होंने खुद को 'बिहार का बेटा' कहा था। अब ठीक वैसे ही 6 महीने बाद पंजाब में चुनाव होने वाले हैं तो वे पिछले 6 महीनों से लगातार वहीं डेरा डाले हुए हैं। इन्हें हरियाणा के आम लोगों की बिल्कुल भी परवाह नहीं है। मुख्यमंत्री नायब सैनी को पंजाब राज्य में जाकर चुनावी वायदे करने से पहले अपने गृह राज्य हरियाणा में किए गए पुराने चुनावी वायदों को जल्द से जल्द पूरा करना चाहिए।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

2014 के पहले खुशहाल हरियाणा आज बेरोजगारी और अपराध में नंबर एक

दीपेन्द्र हुड्डा ने कड़े शब्दों में आरोप लगाते ہوئے कहा कि साल 2014 के ठीक पहले जो हरियाणा खुशहाली, विकास दर, प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश और अमन-चैन-शांति के मामले में पूरे देश में नंबर एक स्थान पर हुआ करता था, वह आज बेरोजगारी, नशाखोरी, कुशासन, अपराध और भयंकर महंगाई के मामले में देश में नंबर एक बन गया है। मौजूदा बीजेपी सरकार ने तो अब यूपीआई भुगतान यानी UPI payments पर भी टैक्स लगा दिया है और पेट्रोल के अंदर इथेनॉल मिला दिया है। इसके चलते पेट्रोल का दाम अब 100 रुपये के पार पहुंच चुका है। चुनाव के समय बीजेपी के तमाम नेता बड़े-बड़े दावे करते थे कि हर गरीब परिवार को केवल 500 रुपये में रसोई गैस का सिलेंडर दिलाया जाएगा। लेकिन आज वही रसोई गैस सिलेंडर आम जनता को ₹1000 से ज्यादा कीमत में मिल रहा है।

कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में रेवाड़ी में हुए ऐतिहासिक विकास कार्य

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के पूरे 10 साल के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उस दौरान रेवाड़ी जिले में अनेक ऐतिहासिक विकास कार्य करवाए गए थे। उन्होंने अकेले शिक्षा के क्षेत्र में हुए कार्यों को गिनाते हुए बताया कि रेवाड़ी में कुल 7 सरकारी कॉलेज, 2 सरकारी पॉलिटेक्निक, 7 आईटीआई, 1 इंजीनियरिंग कॉलेज, मीरपुर में एक सरकारी यूनिवर्सिटी, लूला अहीर में रीजनल सेंटर, सैनिक स्कूल और इसके अलावा कुल 195 स्कूलों को अपग्रेड किया गया था। दक्षिण हरियाणा के लोगों की विश्वविद्यालय की वर्षों पुरानी मांग को आखिरकार पूरा करते हुए मीरपुर में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय की स्थापना की गई। लूला अहीर में महिला यूनिवर्सिटी का एक्सटेंशन सेंटर बनाया गया, बावल में कृषि विश्वविद्यालय का एक्सटेंशन सेंटर बना, लिसाना और दाम्लावास में दो पॉलिटेक्निक बने, डहीना-जैनाबाद में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बना। इसके अलावा बेरलीकलाँ, सारनवास, कोसली, टाँकरी और खरकड़ा में आईटीआई की स्थापना की गई। कोसली, रेवाड़ी, खरखड़ा, गुरावड़ा और पाली में कुल 5 नए राजकीय डिग्री कॉलेज बनाए गए। हरियाणा राज्य का दूसरा सैनिक स्कूल गोठड़ा टप्पाखेड़ी में स्थापित किया गया और भाकली गांव में केंद्रीय विद्यालय बनाया गया।

बीजेपी राज में शिक्षा व्यवस्था चौपट और सैकड़ों स्कूल तुड़वाए गए

शिक्षा के मुद्दों पर बोलते हुए दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि पिछले साढ़े 12 साल के बीजेपी सरकार के शासनकाल में कोई भी नया कॉलेज, स्कूल, आईटीआई या पॉलिटेक्निक बनना तो बहुत दूर की बात है, बल्कि इन्होंने तो इसके विपरीत सैंकड़ों स्कूलों को तुड़वा दिया है। आज स्कूलों की कक्षाओं के कमरे खंडहर की हालत में पड़े हैं और सरकार ने अनेक स्कूलों पर ताले तक लगवा दिए हैं। इस सरकार ने पूरे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से चौपट कर दिया है।

धान और बाजरे की खरीद पर सरकार को घेरा

दीपेन्द्र हुड्डा ने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा के किसान की फसल खेतों से कटकर आ चुकी है, लेकिन मंडियों के अंदर धान यानी जीरी की खरीद की सरकार की तरफ से कोई भी पुख्ता तैयारी नहीं की गई है। बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP ₹2200 तय है, लेकिन मंडियों में किसानों का बाजरा ₹1900 में भी कोई खरीदने को तैयार नहीं है। जबकि दूसरी तरफ, मुख्यमंत्री जी पंजाब राज्य में जाकर वहां के किसानों को यह भाषण दे रहे हैं कि वे एक बार राज्य में बीजेपी की सरकार बना दें, तो वे किसानों को एमएसपी से भी ज्यादा भाव दिलवाएंगे। दीपेन्द्र हुड्डा ने मांग की कि सरकार सबसे पहले हरियाणा के किसानों को तय MSP दिलाए।

पार्ट-टाइम मुख्यमंत्री पर वादाखिलाफी का लगाया आरोप

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंजाब जाकर वहां के लोगों को 6000 रुपये बुढ़ापा पेंशन देने, हर महिला को लाडो लक्ष्मी योजना शुरू करके पेंशन देने और 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने के लुभावने वायदे कर रहे हैं। जबकि उन्हें सबसे पहले हरियाणा में हर महिला को ₹3100 और ₹500 में गैस सिलेंडर दिलवाना चाहिए। नायब सिंह जी पंजाब में जाकर यह दावा कर रहे हैं कि अगर वहां बीजेपी की सरकार आएगी तो एक हफ्ते के अंदर सभी गैंगस्टर्स और अपराधियों का पूरी तरह से सफाया हो जाएगा, जबकि हरियाणा में उनकी स्थिति यह है कि वे खुद सार्वजनिक रूप से कहते हैं कि 'मेरे कहने से तो दो चपरासियों की बदली भी नहीं हो पा रही है'। इस पार्ट-टाइम मुख्यमंत्री ने जिन चुनावी वादों की कैसेट हरियाणा और बिहार के चुनाव में बजाई थी, बिल्कुल वही कैसेट वे अब पंजाब के चुनाव में भी बजा रहे हैं। जैसे ही पंजाब का चुनाव खत्म होगा और इसके बाद हिमाचल प्रदेश में चुनाव आएगा, तो वे पंजाब की पगड़ी उतारकर हिमाचल की टोपी पहन लेंगे और ठीक इन्ही पुराने वायदों की कैसेट को हिमाचल प्रदेश में भी चलाना शुरू कर देंगे।

इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रमुख रूप से AICC हरियाणा प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक चिरंजीव राव, पूर्व मंत्री एम.एल रंगा, पूर्व मंत्री जसवंत बावल, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी, शहरी जिलाध्यक्ष प्रवीण चौधरी, ग्रामीण जिलाध्यक्ष सुभाष छावड़ी, ब्लॉक अध्यक्ष अनिल यादव, ब्लॉक अध्यक्ष धीरज यादव, दीवान सिंह चौहान, शकुंतला भांड़ोरिया, दिनेश ठेकेदार, नीलम भगवाड़िया, महेंद्र छाबड़ा, रेखा दहिया, विष्णु दत्त शर्मा, रमेश ठेकेदार, पूर्व चेयरमैन श्याम यादव, युवा कांग्रेस के राय प्रकाश, नरेंद्र राजौरा, पप्पू पहलवान, सरपंच सतीश लांबा, रवि मसीत, सरपंच चतर सिंह, सरपंच अतर सिंह, जवान सिंह, धर्मपाल यादव, कुलजीत सिंह, लवली यादव, चरण सिंह प्रधान, संदीप टोकस, महिपाल छिल्लर, दलबीर सिंह, पूर्व पार्षद अमरपाल, पूर्व चेयरमैन चरण सिंह और साधु सिंह सहित अन्य कई स्थानीय नेता एवं कार्यकर्तागण पूरी संख्या में मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment