बाबैन में 20 सितंबर को होगा कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन, जयपाल पांचाल ने दी जानकारी

बाबैन में आयोजित सम्मेलन में बढ़-चढ़कर पहुंचेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता : जयपाल पांचाल
सुरेश अरोड़ा/बाबैन /16 सितंबर 2026 /अटल हिन्द ब्यूरो
बाबैन ब्लॉक के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और 20 सितंबर को बाबैन शाहाबाद रोड पर स्थित रोज प्लाजा में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। क्षेत्र के प्रत्येक गांव से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचेंगे। यह जानकारी कांग्रेस के बाबैन ब्लॉक प्रधान जयपाल पांचाल ने दी है।
जयपाल पांचाल बुधवार को बाबैन स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा गांव-गांव जाकर लोगों को सम्मेलन में पहुंचने का न्योता दिया जा रहा है। इसके अलावा कार्यकर्ताओं की अलग-अलग जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं, ताकि सम्मेलन में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
संगठन को मजबूती देने पर जोर
उन्होंने कहा कि 20 सितंबर को बाबैन के रोज प्लाजा में होने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और इलाके के लोग पहुंचेंगे। बाबैन ब्लॉक के प्रत्येक गांव से कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होकर संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे।
युवाओं के पलायन और रोजगार को लेकर भाजपा सरकार पर हमला
जयपाल पांचाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्थायी एवं सम्मानजनक रोजगार देने के बजाय उन्हें अलग-अलग योजनाओं के नाम पर गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से रोजगार देने की बात कही गई, लेकिन युवाओं को स्थायी रोजगार के साथ भविष्य की सुरक्षा नहीं मिल पा रही है। रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण प्रदेश के हजारों युवा विदेशों की ओर पलायन कर रहे हैं।
जन समस्याओं को उठाने के लिए एकजुट होंगे कार्यकर्ता
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम जनता के हितों की आवाज उठाती रही है। कार्यकर्ता सम्मेलन के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने तथा जन समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए एकजुट किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रधान राकेश अग्रवाल, मंडल प्रधान रामपाल सैनी, राजेश कुमार इशर खेड़ी, प्रिंस घिसरपड़ी, प्रवीन सिंगला सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।