बाबैन में सांसद सतपाल ब्रह्मचारी और सह प्रभारी जितेंद्र बघेल ने भाजपा सरकार को घेरा

भाजपा सरकार में देश-प्रदेश विकास की दौड़ में पिछड़ा : सतपाल ब्रह्मचारी
सुरेश अरोड़ा/बाबैन /20 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
बाबैन के निजी पैलेस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक सम्मेलन का आयोजन किया गया है। इस सम्मेलन में मुख्य रूप से कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी जितेंद्र बघेल और सोनीपत सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने शिरकत की है। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिला प्रधान मेवा सिंह के द्वारा की गई है। मंच संचालन कांग्रेस के बाबैन ब्लॉक प्रधान जयपाल पांचाल ने किया है। कार्यक्रम में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं के द्वारा सभी का स्वागत किया गया है। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेवा सिंह, शाहाबाद विधायक रामकरण काला, पूर्व विधायक रमेश गुप्ता, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष संजीव भूखड़ी, एसी सेल जिलाध्यक्ष कंवरपाल काला, बाबैन ब्लॉक प्रधान जयपाल पांचाल, संघोर मंडल प्रधान प्रिंस घिसरपड़ी, बाबैन मंडल प्रधान रामपाल सैनी, सुनारियों मंडल प्रधान राजेश, पूर्व मार्किट कमेटी चेयरमैन हरकेश सैनी, राकेश अग्रवाल, पूर्व सरपंच दीपक मोरथला, लाडवा ब्लॉक प्रधान भगवंत सिंह विर्क, जसमेर सिंह, शमशेर महुवाखेड़ी, पूर्व ब्लॉक प्रधान अश्वनी शर्मा, अशोक पीपली, पवन चौधरी, बलराम वाल्मीकि, गुरदेव सूरा, मुकेश भगवानपुर, मामचंद प्रजापत, वीरेंद्र रोहिला, सुशील मोरथला, बालकिशन शर्मा, अमित कुमार और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे हैं। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सह प्रभारी और सांसद ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकता का पाठ पढ़ाया है और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है।
सोनीपत सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने भाजपा सरकार पर प्रदेश के विकास, रोजगार, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस शासनकाल में हरियाणा विकास के अनेक क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल था, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद प्रदेश की स्थिति लगातार खराब हुई है। सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा है कि देश और प्रदेश की जनता आज महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और बिगड़ती व्यवस्थाओं से परेशान है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि जिस हरियाणा को कांग्रेस शासन के दौरान विकास और रोजगार के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में गिना जाता था, आज वह अनेक महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पिछड़ता दिखाई दे रहा है। हालिया ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलनों में भी बेरोजगारी, महंगाई, कृषि, स्थानीय समस्याओं और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की जा रही है।
कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी जितेंद्र बघेल ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती का मंत्र दिया है। उन्होंने कहा है कि पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और मजबूत संगठन के बिना जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस संगठन को गांव से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ आम जनता से सीधा संवाद बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनें और उन्हें पार्टी के मंच पर मजबूती से उठाएं। प्रदेश सह प्रभारी ने कहा है कि कार्यकर्ताओं में आपसी समन्वय और एकजुटता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिलकर कांग्रेस की विचारधारा एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाना होगा।
कांग्रेस के जिला प्रधान मेवा सिंह ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी लगातार संगठन को मजबूत करने का काम कर रही है और लाडवा हलके में भी एक मजबूत संगठन तैयार हो चुका है जो पार्टी को मजबूत करने का काम करेगा। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मेवा सिंह ने कहा है कि लाडवा से मुख्यमंत्री होने के बावजूद क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री को यह बताना चाहिए कि लाडवा विधानसभा क्षेत्र से कितने युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। युवाओं के सामने बेरोजगारी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है और रोजगार के अवसरों को लेकर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। मेवा सिंह ने इस दौरान कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस की नीतियों को गांव-गांव तथा बूथ स्तर तक पहुंचाने की अपील की है। मेवा सिंह ने कहा है कि अगर सरकार के द्वारा जल्द धान की खरीद शुरू नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर किसानों की धान बिकवाने के लिए पूरा संघर्ष करेगी और भाजपा की गलत नीतियों को उजागर करेगी। उन्होंने कहा है कि रोजगार के नाम पर लूटा जा रहा है और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।