रेवाड़ी में कांग्रेस का बड़ा जनआंदोलन, वोट चोरी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने फूंका चुनाव आयुक्त का पुतला

रेवाड़ी शहर में लोकतंत्र बचाओ और वोट चोरी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार जनआंदोलन किया है। यह प्रदर्शन जिलाध्यक्ष ग्रामीण सुभाष छावड़ी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में AICC सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल विशेष रूप से मौजूद रहे थे।
- रेवाड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार प्रदर्शन
- मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर जताया कड़ा विरोध
- जिला कलेक्टर कार्यालय तक निकाला गया विशाल विरोध मार्च
- सरकार और चुनाव आयोग के सामने रखी गईं प्रमुख मांगें
जिला कलेक्टर कार्यालय तक निकाला गया विरोध मार्च
AICC सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर जिला कलेक्टर कार्यालय तक एक विशाल विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कांग्रेसियों ने नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया और अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और हर मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा के लिए कांग्रेस का यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप
प्रदर्शन के दौरान AICC सह-प्रभारी जितेंद्र भंगेल ने कहा कि भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके लोकतंत्र का गला घोंट रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के जनादेश पर डाका डालकर बनाई गई यह सरकार पूरी तरह से गैर-कानूनी है और चुनाव आयोग की निष्पक्षता खत्म हो चुकी है। जिलाध्यक्ष ग्रामीण सुभाष छावड़ी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर सत्ता में बैठी है और जनता के वोट पर डाका डाल रही है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता खत्म कर जनता के अधिकारों का हनन करने वाली इस सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है।
मुख्य चुनाव आयुक्त की गिरफ्तारी और सरकार के इस्तीफे की मांग
कांग्रेस पार्टी ने इस प्रदर्शन के जरिए सरकार और चुनाव आयोग के सामने अपनी प्रमुख मांगें रखी हैं। पार्टी की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें और उन्हें गिरफ्तार किया जाए। इसके अलावा उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए तमाम चुनाव संबंधी निर्णयों की व्यापक समीक्षा की जानी चाहिए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वोट चोरी के जरिए हासिल किए गए जनादेश पर बनी सैनी सरकार को नैतिकता के आधार पर तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। चुनावी प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता व जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
प्रदर्शन में मौजूद रहे वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी
इस विरोध मार्च और पुतला दहन कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व मंत्री जगदीश यादव, पूर्व मंत्री डॉ. एम एल रंगा, पूर्व मंत्री जसवंत सिंह, SC सैल जिला अध्यक्ष रमेश ठेकेदार, पूर्व जिला अध्यक्ष हरीश सैनी और नगर परिषद पूर्व चेयरमैन शकुंतला भंडोरिया उपस्थित रहे। इनके अलावा ब्लॉक अध्यक्ष रेवाड़ी अनिल यादव, ब्लॉक अध्यक्ष कुंड विजय बैरियर, ब्लॉक अध्यक्ष बावल चेतराम और ब्लॉक अध्यक्ष नाहड़ हेमंत गौड़ भी शामिल हुए। साथ ही महेंद्र छाबड़ा, बीर सिंह प्रधान, संदीप कसाना, कृष्ण कुमार, एडवोकेट मनोज यादव, पूर्ण पहलवान और सीए आशीष यादव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।