चरखी दादरी में मतदाता सत्यापन टीम पर हमला, बीएलओ के दस्तावेज फाड़े, साथी घायल

चरखी दादरी में मतदाता सत्यापन टीम पर हमला, बीएलओ के दस्तावेज फाड़े, साथी घायल

चरखी दादरी में मतदाता सत्यापन टीम पर हमला, बीएलओ के दस्तावेज फाड़े, साथी घायल

चरखी दादरी/19 जून 2026/ अटल हिन्द ब्यूरो

मतदाता सत्यापन अभियान के दौरान चरखी दादरी शहर के हीरा चौक क्षेत्र में बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) और उनके सहयोगी पर कथित हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सत्यापन कार्य के दौरान एक मकान में मौजूद लोगों ने कहासुनी के बाद मारपीट की तथा सरकारी दस्तावेज और फार्म भी फाड़ दिए।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

जानकारी के अनुसार बीएलओ अमित जोशी अपने सहयोगी एवं सीएससी सेंटर संचालक सुनील कुमार के साथ एसआईआर अभियान के तहत घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे थे। इसी दौरान हीरा चौक स्थित एक मकान में पहुंचने पर विवाद हो गया। आरोप है कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने दोनों के साथ मारपीट की और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।

घटना में सुनील कुमार घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, सत्यापन कार्य से संबंधित दस्तावेजों और फार्मों को भी नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।

मामले की सूचना मिलते ही एसआईआर सुपरवाइजर डॉ. सतीश साहू मौके पर पहुंचे। इसके बाद डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। तहसीलदार सन्नी दलाल तथा पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की।

पुलिस ने संबंधित मकान से डीवीआर कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

पीड़ित बीएलओ अमित जोशी ने आरोप लगाया कि सत्यापन के दौरान मकान में मौजूद लोगों ने अभद्र व्यवहार किया और विरोध करने पर मारपीट की। उन्होंने कहा कि उनके सरकारी दस्तावेज भी फाड़ दिए गए तथा उनके साथी को चोटें आईं।

एसआईआर सुपरवाइजर डॉ. सतीश साहू ने बताया कि बीएलओ और उनके सहयोगी निर्धारित सरकारी कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनके साथ मारपीट की गई और सरकारी दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाया गया। घटना की जानकारी प्रशासन और पुलिस को दे दी गई है।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment