हिसार कृषि मेले में 'काले रंग' से मचा बवाल, मायूस होकर लौटे कई राज्यों के किसान

हरियाणा के हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मेला ग्राउंड में आज से दो दिवसीय कृषि मेले का आयोजन हो रहा है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कृषि मेले का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, PWD मंत्री रणबीर गंगवा सहित कई अन्य विधायक और नेतागण उपस्थित रहे।
मायूस होकर लौटे कई राज्यों के किसान
मेला ग्राउंड में एंट्री के दौरान उस समय विवाद की स्थिति पैदा हो गई जब काले रंग का कोई भी कपड़ा जैसे काली शर्ट या पैंट, काली पगड़ी पहने किसानों को मेला प्रबंधन अधिकारियों ने एंट्री देने से साफ इंकार कर दिया। एंट्री प्वाइंट्स पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियो ने स्पष्ट करते हुए कहा कि काले कपड़े पहने किसी भी व्यक्ति को मेला ग्राउंड में एंट्री नहीं दी जाएगी।
हालांकि, एंट्री नहीं मिलने से मायूस नजर आए किसानों ने पुलिसकर्मियों को कहा कि आप लिखित आदेश दिखाए जिसमें लिखा हुआ है कि मेला ग्राउंड में काले कपड़े पहने लोगों को एंट्री नहीं मिलेगी। किसानों की इस बात पर अधिकारियों आनाकानी करते दिखाई दिए।
पंजाब से पहुंचे एक किसान ने बताया कि उन्हें सिर्फ इसी बात के लिए मेला ग्राउंड में प्रवेश नहीं करने दिया गया कि वह काली पगड़ी पहने हुए थे। वो इतनी दूर से बड़ी उम्मीद लगाकर कृषि मेला देखने आए थे लेकिन प्रबंधन अधिकारियों की वजह से मायूस होकर घर लौटना पड़ रहा है। गेहूं और सरसों के लिए बीज खरीदने थे और साथ ही मेला ग्राउंड के भीतर प्रदर्शनी में आए विभिन्न कृषि उपकरणों के बारे में जानकारी हासिल करनी थी लेकिन अब निराश होकर घर जा रहे हैं। वहीं, कुछ किसान काली टी-शर्ट पहने हुए थे, उन्हें भी मेला ग्राउंड में एंट्री नहीं मिली। कुछ युवा साथी काली पैंट पहने हुए थे, वो भी मेला ग्राउंड में एंट्री को लेकर पुलिसकर्मियों से बहस करते दिखाई दिए।