फरीदाबाद में भाजपा का सेवा संकल्प अभियान: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष सेवा और राष्ट्र निर्माण को समर्पित

फरीदाबाद में भाजपा का सेवा संकल्प अभियान: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष सेवा और राष्ट्र निर्माण को समर्पित

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में फरीदाबाद जिले में भी भाजपा द्वारा सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकार से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न स्थानों पर सेवा कार्य किए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन

भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना से प्रेरित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जीवन के 25 वर्ष देश और समाज की सेवा को समर्पित किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस अभियान को केवल प्रधानमंत्री के जन्मदिवस से जोड़कर नहीं देख रही, बल्कि इसे सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का पर्व मानकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम

श्री पंकज पूजन रामपाल ने बताया कि फरीदाबाद में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत 17 सितंबर की शाम 7 बजे 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 15 मंडलों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लाभार्थियों और आम नागरिकों के घरों, मंदिरों, पार्कों व सार्वजनिक स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की। जिला अध्यक्ष ने बताया कि फरीदाबाद के तीनों विधानसभाओं में 4 लाख से अधिक दीप जलाए गए और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं व नागरिकों ने भाग लिया।

विभिन्न स्थानों पर दीपोत्सव और स्वच्छता अभियान

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने विधायक धनेश अदलखा के साथ के.एल. मेहता कॉलेज में 11000 दीपों के साथ दीपोत्सव किया। वहीं सेक्टर-17 लेबर चौक पर जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने भाजपा नेता अमन गोयल और स्थानीय नागरिकों के साथ दीप जलाए। जिला कार्यालय अटल कमल पर भाई जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में आशीर्वाद के दीप प्रज्वलित किए गए और जिले के सभी मंडलों में कम से कम 15-15 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हुए। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत फरीदाबाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री श्री राजेश नागर ने कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया।

दिव्यांगजनों को ई-स्कूटर वितरण और रक्तदान शिविर

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने मथुरा रोड, फरीदाबाद स्थित रुद्रा बैंक्वेट में थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के साथ सुबह का नाश्ता किया और उनसे आत्मीय मुलाकात की। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत फरीदाबाद के रुद्रा बैंक्वेट हॉल में एक भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने दिव्यांगजनों को ई-स्कूटर वितरित किए और मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा उनके कल्याण के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। इस अभियान के तहत कुल 500 ई-स्कूटर वितरित किए जाने हैं।

विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताएं और वृक्षारोपण

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों के लिए ‘विकसित भारत’ विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा सेवा संकल्प अभियान के तहत केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर जी ने भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं फरीदाबाद की जनता के साथ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया। भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने सभी से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है।

Share:

Comments

Leave a comment