वडनगर से वाराणसी तक निकली बाइक सेवा यात्रा का पटौदी क्षेत्र में भव्य स्वागत, मंत्री राजेश नागर रहे मौजूद

गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही बाइक सेवा यात्रा का सोमवार को भव्य स्वागत किया गया। सेवा, समर्पण और जनसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह यात्रा निकाली जा रही है। महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी जिलों से होते हुए पहुंची बाइक सेवा यात्रा का पटौदी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा और उत्साहपूर्ण वातावरण में अभिनंदन किया गया। इस दौरान स्वच्छता, पौधारोपण और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
जमालपुर में हुआ भव्य स्वागत
गांव जमालपुर स्थित शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित स्वागत कार्यक्रम को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार राजेश नागर ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और जनकल्याण का संदेश पहुंचाने का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है।
विधायक बिमला चौधरी ने रखी बात
विधायक बिमला चौधरी ने कहा कि सेवा और समर्पण भारतीय संस्कृति की मूल भावना रही है। इसी भावना को आगे बढ़ाने का कार्य सेवा संकल्प अभियान कर रहा है। उन्होंने कहा कि पटौदी क्षेत्र में बाइक सेवा यात्रा का स्वागत करना क्षेत्रवासियों के लिए गौरव का अवसर है। जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाएं।
शहीदों की वीरांगनाओं का सम्मान
कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों एवं बाइक सेवा यात्रियों ने क्षेत्र के शहीदों एवं बलिदानियों की वीरांगनाओं को शॉल भेंट कर सम्मान किया। शहीद परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके त्याग और बलिदान को नमन किया गया। देश की रक्षा और राष्ट्र सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों का बलिदान सदैव समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के तहत बाइक सेवा यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण को भी विशेष महत्व दिया गया। जमालपुर स्थित शिव मंदिर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया। इस दौरान लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सरकारी योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी दी।