भूपेंद्र सिंह हुड्डा का बयान: बीजेपी सरकार ने 12 साल में नहीं लिया जनहित का एक फैसला, मुख्य चुनाव आयुक्त दें इस्तीफा

भूपेंद्र सिंह हुड्डा का बयान: बीजेपी सरकार ने 12 साल में नहीं लिया जनहित का एक फैसला, मुख्य चुनाव आयुक्त दें इस्तीफा

पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि बीजेपी सरकार ने अपने 12 साल के कार्यकाल में जनहित का एक भी फैसला नहीं लिया है। जनता अब बीजेपी से पूरी तरह नाउम्मीद हो चुकी है। कांग्रेस के कार्यकाल में हरियाणा विकास के हर पैमाने पर देश का नंबर वन राज्य था। लेकिन भाजपा ने हरियाणा को नशे, भ्रष्टाचार और अपराध में नंबर वन बना दिया है।

  • हुड्डा ने तावड़ू में कांग्रेस के ब्लॉक कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत की।
  • उन्होंने कहा कि बीजेपी ने वोट चोरी करके सरकार बनाई है।
  • मुख्य चुनाव आयुक्त को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
  • केंद्र सरकार की रिपोर्ट हरियाणा को देश का सबसे असुरक्षित राज्य बताती है।

तावड़ू में कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे हुड्डा

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

भूपेंद्र सिंह हुड्डा तावड़ू में कांग्रेस के ब्लॉक कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि संगठन निर्माण के बाद कांग्रेस ने बीजेपी के खिलाफ नई लड़ाई का आगाज कर दिया है। बीजेपी को सत्ता से बेदखल करके ही हरियाणा व देश का हित संभव है।

हरियाणा की आर्थिक हालत और बिगड़ती कानून व्यवस्था

भाजपा ने हरियाणा की आर्थिक हालत इतनी खराब कर दी है कि 18 बड़े राज्यों में हरियाणा 14वें स्थान पर फिसल गया है। खुद केंद्र सरकार की रिपोर्ट हरियाणा को देश का सबसे असुरक्षित राज्य बताती है। अपराध का आलम यह है कि प्रदेश में 60 अपराधी गिरोह सक्रिय हैं। ये गिरोह ना सिर्फ अपराध करते हैं, बल्कि उसके बाद उसकी जिम्मेदारी भी लेते हैं। इन अपराधियों में सरकार और कानून-व्यवस्था का कोई डर नहीं है।

रातों-रात कैसे बढ़ गए वोट

इस मौके पर हुड्डा ने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर एक के बाद एक खुलासे हो रहे हैं। राहुल गांधी के बाद अब मीडिया में आई रिपोर्ट्स से भी साफ हो गया है कि बीजेपी ने हरियाणा समेत कई राज्यों में वोट चोरी करके सरकार बनाई है। हरियाणा चुनाव के नतीजों को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से कई सवाल पूछे थे, लेकिन आजतक उनका जवाब नहीं मिला। उदाहरण के तौर पर आयोग ने 5 तारीख को रात में बताया कि हरियाणा में 61.19% वोटिंग हुई है। लेकिन अगले दिन इसे बढ़ाकर 65.65% कर दिया गया और गिनती से एक दिन पहले 7 तारीख को इसे बढ़ाकर 67.9% कर दिया गया। यह समझ से परे है कि रातों-रात अपने आप इतनी वोट कैसे बढ़ गईं।

हरियाणा में पूरी सरकार चोरी होने का आरोप

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि ऐसी तमाम गतिविधियों के जरिए बीजेपी ने हरियाणा में सिर्फ वोट नहीं, बल्कि पूरी सरकार चोरी कर ली है। यह देश के लोकतंत्र और संविधान के साथ खिलवाड़ है। इसके दोषी मुख्य चुनाव आयुक्त को अपने पद से इस्तीफा देना ही होगा। कांग्रेस इसके खिलाफ हर मंच से आवाज बुलंद करेगी। इस अवसर पर आफताब अहमद, जितेंद्र भारद्वाज, मोहम्मद शम्सुद्दीन, वर्धन यादव, पंकज डावर, राजेश सहरावत (राजू), पंकज भारद्वाज, शाहीन सैम्स, शैलेश खटाना, मुकेश पवन चौधरी, हरिओम सिंह चोकर, सूबे सिंह यादव, इंदर यादव (पटौदी), डॉ. हरेंद्र सहरावत, सुखीराम भारद्वाज, तिलक राज खुराना, दीपेश कौशिक, भीम सोनी, अनिल गंडास, राजीव यादव, अमित कोचर, राजपाल यादव, मास्टर महेंद्र सैनी, जसविंदर बिसला आदि मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment