बराड़ा अधोया जंक्शन पर चंडीगढ़-शामली हाईवे कट की मांग हुई पूरी, शुरू हुआ निर्माण कार्य

अधोया जंक्शन पर चंडीगढ़-शामली हाईवे कट की मांग आखिरकार पूरी हो गई है और मौके पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। बराड़ा अधोया जंक्शन पर चंडीगढ़-शामली हाईवे कट की मांग को मंजूरी मिल चुकी है। मौके पर अब निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस मांग को पूरा करने में किसी एक व्यक्ति या संगठन के बजाय क्षेत्र के विभिन्न वर्गों की लगातार सक्रियता देखने को मिली है।
करीब एक वर्ष से अधिक समय से किसान-मजदूर संघ, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक एवं सामाजिक प्रतिनिधियों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने स्तर पर इस मांग को अलग-अलग मंचों पर उठाया। किसान मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद राणा, भाजपा मंडल अध्यक्ष डिंपल राणा, अधोया के नंबरदार कैलाश कुमार सहित क्षेत्र के अनेक गांवों के सरपंच इस मांग को लेकर लगातार प्रयासरत रहे। वहीं, रोटरी क्लब बराड़ा के प्रधान बलकार सिंह और प्रयास समाज सेवा संगठन के विशाल सिंगला ने भी इसे क्षेत्र की आवागमन और विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जरूरत बताते हुए अपने स्तर पर आवाज उठाई।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री तक पहुंची थी मांग
हाईवे कट की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने समय-समय पर मुख्यमंत्री, सांसद, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी। ज्ञापन, मांगपत्र और विभिन्न सार्वजनिक मंचों के माध्यम से अधोया जंक्शन पर कट की आवश्यकता बताई जाती रही। भाजपा, कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े स्थानीय कार्यकर्ता भी अपने-अपने स्तर पर इस मांग को उठाते रहे। इस दौरान एक बात समान रही कि अधोया कट को क्षेत्र की सामूहिक आवश्यकता के रूप में सामने रखा गया।
करीब 30 गांवों के लोगों के लिए अंबाला, चंडीगढ़, शाहाबाद, शामली और दिल्ली की ओर आवागमन को सुगम बनाने की जरूरत को लेकर लगातार प्रयास किए गए। समय के साथ मांग से जुड़ी विभागीय प्रक्रिया आगे बढ़ी और अब अधोया जंक्शन पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। मौके पर मशीनों के चलने और निर्माण गतिविधियां शुरू होने से उन लोगों की उम्मीदें भी मजबूत हुई हैं, जो लंबे समय से इस कट की मांग को अलग-अलग मंचों पर उठाते रहे।
नेताओं और प्रतिनिधियों की प्रतिक्रियाएं
भाजपा मंडल अध्यक्ष डिंपल राणा ने कहा कि अधोया कट किसी एक व्यक्ति या संगठन का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की सामूहिक मांग थी। सरकार ने सभी के हितों का ख्याल रखा है। अब निर्माण कार्य शुरू होगा और सभी को इसका लाभ मिलेगा। इसके लिए क्षेत्र की जनता सरकार का धन्यवाद करती है।
किसान मजदूर संगठन के प्रदेशाध्यक्ष विनोद राणा थंबड़ ने बताया कि लोगों की मांग के चलते वह इस संबंध में केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले और उन्हें लिखित में मांग पत्र सौंपा। केन्द्रीय मंत्री की तरफ से उन्हें यहां कट के लिए आश्वासन दिया गया था। खुशी की बात है कि उनकी इस मांग को केन्द्रीय मंत्री ने पूरा किया।
कैलाश नंबरदार के अनुसार वह पंचायत के लेटरपैड पर ग्रामीणों की मांग सरकार तक पहुंचा चुके हैं और उन्हें आश्वासन भी मिला था। आज जब यहां कट की मंजूरी मिल गई है तो उनके गांव ही नहीं बल्कि आसपास के गांवों के लोगों में भी खुशी है।
रोटरी क्लब प्रधान बलकार सिंह का कहना है कि क्षेत्रवासियों के लिए यह केवल हाईवे पर एक कट बनने का मामला नहीं है। यह बराड़ा शहर और आसपास के गांवों की सीधी कनेक्टिविटी, समय की बचत और दैनिक आवागमन को सुगम बनाने से जुड़ा मुद्दा है।
प्रयास समाजसेवा संस्थान के प्रधान विशाल सिंगला ने कहा कि अब निर्माण कार्य शुरू होने के साथ धरातल पर दिखाई देने लगा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा होने के बाद बराड़ा सहित आसपास के करीब 30 गांवों को आवागमन की बड़ी सुविधा मिलेगी।
रोटरी क्लब द्वारा विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन कल
बराड़ा रोटरी क्लब बराड़ा की ओर से 25 सितंबर दिन शुक्रवार को संत मोहन सिंह पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल बराड़ा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग देना है।
रोटरी क्लब बराड़ा प्रधान बलकार सिंह कंबोज ने बताया कि रक्तदान शिविर सुबह 9 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। शिविर में क्षेत्र के लोगों, युवाओं और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े सदस्यों को बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महादान है और स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने बताया कि शिविर में मुख्य अतिथि के तौर पर डीईईओ अंबाला ज्योति रानी तथा बीईओ बराड़ा जगदीश मेहरा मौजूद रहेंगे। इस दौरान रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया जाएगा। बलकार सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदान करें और इस सामाजिक अभियान का हिस्सा बनें।