जुझार नगर में अवैध पानी के बिल भेजने पर बलबीर सिद्धू ने उठाई आवाज

कांग्रेस नेता स. बलबीर सिंह सिद्धू ने गांव जुझार नगर के लोगों को पानी की सप्लाई के नाम पर अवैध बिल भेजने का गंभीर मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा पर लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ नहीं डाला जाना चाहिए। गांव जुझार नगर के 500 से अधिक परिवारों को 5,000 से 8,000 रुपये तक के पानी के अवैध बिल भेजे गए हैं। ये बिल किसी भी सरकारी विभाग द्वारा जारी नहीं किए गए हैं।
पंचायत और सरपंच ने अपने स्तर पर ग्राम पंचायत और वाटर सप्लाई सैनिटेशन कमेटी बनाई है। वे पुराने बकाये की वसूली के नाम पर ये बिल भेज रहे हैं। सरकारी शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 150 रुपये और एससी वर्ग के लिए 75 रुपये निर्धारित है। मौजूदा पंचायत को वाटर सप्लाई डिस्ट्रीब्यूशन का चार्ज मिले अभी केवल 2 महीने ही हुए हैं। इसके बावजूद पिछले कई वर्षों की फीस के नाम पर हजारों रुपये मांगे जा रहे हैं।
कलेक्शन और टैक्स पर गंभीर सवाल
सरपंच ने अपने पिता को कलेक्शन इंचार्ज के रूप में नियुक्त किया है जो अलग से 4 प्रतिशत टैक्स भी वसूल रहे हैं। संबंधित एक्सईएन ने स्पष्ट किया है कि विभाग की ओर से न तो कोई पुराना बकाया बताया गया है और न ही ऐसे कोई बिल जारी किए गए हैं। जब सरकारी विभाग ने कोई बिल जारी नहीं किया है, तो गांव के लोगों को ये बिल किस आधार पर भेजे जा रहे हैं, यह एक बड़ा सवाल है।
स. बलबीर सिंह सिद्धू ने विधायक कुलवंत सिंह पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दबाव और राजनीतिक हस्तक्षेप के माध्यम से सरपंच बनाया गया है। वही सरपंच अब विधायक की मिलीभगत से लोगों को पानी के अवैध बिल भेजकर आर्थिक रूप से परेशान कर रहा है। जिन लोगों ने बिल का भुगतान नहीं किया, उनके पानी के कनेक्शन काटे जा रहे हैं।
कनेक्शन काटने और नए कनेक्शन के नाम पर वसूली
कनेक्शन दोबारा जोड़ने के लिए 2,500 रुपये और नए कनेक्शन के लिए 25,000 रुपये की मांग की जा रही है। जुझार नगर के लोगों में इस मामले को लेकर भारी रोष है। पानी हर नागरिक की बुनियादी जरूरत है और इसे वसूली का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।
सिद्धू ने पंजाब सरकार और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि इन अवैध बिलों की तुरंत जांच की जाए। यदि वसूली नियमों के विपरीत पाई जाती है, तो लोगों से वसूली गई राशि तुरंत वापस की जाए। कांग्रेस पार्टी जुझार नगर के लोगों की आवाज बनकर उनके अधिकारों के लिए मजबूती से लड़ाई लड़ेगी।