बाबैन के गीता विद्या मंदिर में आधुनिक प्रशासनिक भवन का हुआ शिलान्यास, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

हिंदू शिक्षा समिति द्वारा संचालित एवं केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से मान्यता प्राप्त प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान रिपुसूदन सिंह गीता विद्या मंदिर, बाबैन में आज नए प्रशासनिक भवन के निर्माण हेतु भव्य एवं गरिमामय शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत भूमि पूजन के साथ भवन की आधारशिला रखी गई। इसके साथ ही आधुनिक प्रशासनिक भवन के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
इस पावन अवसर पर शिक्षा एवं संगठन क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में उत्तर क्षेत्र के माननीय संरक्षक अशोक पाल, माननीय संरक्षक सुरेंद्र अत्री, माननीय संगठन मंत्री श्री विजय जी नड्डा तथा हिंदू शिक्षा समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमान चेतराम शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने वैदिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर प्रशासनिक भवन की शिलान्यास ईंट रखी।
विद्यालय प्रबंधन की भूमिका और सराहना
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रबंध समिति की ओर से अध्यक्ष डॉ. फ़कीर शर्मा एवं प्रबंधक विनोद सिंगला की विशेष रामऋषि, हरकेश, गुरनाम, उपदेश शर्मा की भूमिका रही। वहीं प्रधानाचार्य श्रीमती पूनम सैनी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, संस्कार एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की तथा विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
भवन निर्माण की आवश्यकता और आभार
विद्यालय प्रबंध समिति की तरफ से प्रबंधक विनोद सिंगला ने बताया कि विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रशासनिक भवन का निर्माण आवश्यक था। यह भवन विद्यालय के प्रशासनिक कार्यों को अधिक व्यवस्थित एवं सुचारु बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भवन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य श्रीमती पूनम सैनी ने सभी सम्मानित अतिथियों, प्रबंध समिति के सदस्यों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त किया और विद्यालय के विकास में सभी के निरंतर सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। विद्यालय परिवार ने इस नए निर्माण को शिक्षा, संस्कार और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।