राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर गुरुग्राम में 614 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का उठाया लाभ

राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर गुरुग्राम में 614 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का उठाया लाभ

राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर 614 लोगों को मिला स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

सेवा संकल्प अभियान के तहत “सेवा मेरा योगदान” के माध्यम से आयुर्वेद

“स्वस्थ कल के लिए आयुर्वेद” के अनुरूप आयोजित किया गया कार्यक्रम

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

आम जनमानस को योग एवं स्वस्थ जीवनशैली का दिया गया संदेश

फतह सिंह उजाला/गुरुग्राम/23 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर गुरुग्राम में विशेष स्वास्थ्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत “सेवा मेरा योगदान” पहल के अंतर्गत आयुष विभाग ने जिले के विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य, योग और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ कल के लिए आयुर्वेद” के अनुरूप यह कार्यक्रम आयोजित हुए। आम जनमानस को योग और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया। शीतला माता मंदिर, आयुष ग्राम घोषगढ़ और गांव हसनपुर में कुल 614 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता कार्यक्रमों का लाभ लिया।

शीतला माता मंदिर परिसर में लगा आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर

शीतला माता मंदिर परिसर में आयोजित आयुर्वेद स्वास्थ्य शिविर में कुल 221 लाभार्थियों को चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इस दौरान निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण भी किया गया। शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, बोन मिनरल डेंसिटी यानी बीएमडी, हड्डियों की जांच और स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अतिरिक्त लोगों को योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करवाया गया। आयुर्वेद, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित जागरूकता व्याख्यान दिए गए तथा आईईसी सामग्री का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर निगम पार्षद परविंदर कटारिया भी उपस्थित रहे।

आयुष ग्राम घोषगढ़ में स्वास्थ्य जांच और पौधारोपण

आयुष ग्राम घोषगढ़ में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 156 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इस दौरान बीपी और ब्लड शुगर की जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक दवाओं का वितरण किया गया। स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान के माध्यम से संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, योग और रोगों की रोकथाम के बारे में जानकारी दी गई। ग्रामीणों को औषधीय पौधों के महत्व और उनके पारंपरिक उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर वार्ड नंबर-5 की पार्षद रितु यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत इस दौरान पौधारोपण किया गया।

गांव हसनपुर में योग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

गांव हसनपुर में आयोजित स्वास्थ्य और योग जागरूकता कार्यक्रम में 237 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ मिला। ग्रामीणों को योगाभ्यास करवाते हुए नियमित योग, स्वस्थ जीवनशैली और आयुर्वेद को दैनिक जीवन में अपनाने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। पौधों के वितरण और पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस कार्यक्रम में पूर्व सरपंच विजयेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

आयुर्वेद एक समग्र जीवनशैली: डॉ. मंजू कुमारी

जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने कहा कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार की पद्धति नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की समग्र जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि नियमित योग, संतुलित और पौष्टिक आहार, पर्याप्त नींद, शारीरिक सक्रियता और प्रकृति के अनुरूप जीवनशैली को अपनाना स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इन सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने में आयुष विभाग के चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, योग सहायकों और अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग दिया।

Share:

Comments

Leave a comment