अंबाला से बोत्सवाना भेजी गईं एंटीरेट्रोवायरल दवाएं और अन्य स्थानीय समाचार

भारत सरकार ने बोत्सवाना को एचआईवी/एड्स के इलाज के लिए 10 टन एंटीरेट्रोवायरल दवाएं भेजी हैं। इन दवाओं का निर्माण हरियाणा के अंबाला स्थित मैकनेस एंड अर्गूस फार्मास्यूटिकल द्वारा किया गया है। कंपनी के चेयरमैन डॉ. जी.डी. छिब्बर ने इसे भारत और अंबाला के लिए गौरव का विषय बताया है। डॉ. छिब्बर ने कहा कि भारत अब उन देशों को आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जहां पहले ऐसी दवाओं के लिए अन्य देशों पर निर्भरता रहती थी। भारत द्वारा बोत्सवाना को भेजी गई ये दवाएं करोड़ों रुपये मूल्य की हैं और इन्हें सहायता के तौर पर भेजा गया है।
बोत्सवाना को भेजी गई दवाओं की विशेषताएं
दवाओं को बोत्सवाना भेजने से पहले वहां निर्धारित गुणवत्ता मानकों और आवश्यक परीक्षणों से गुजरना पड़ा। सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने और मंजूरी मिलने के बाद ही दवाओं की आपूर्ति की गई है। इन दवाओं का उद्देश्य बोत्सवाना के सार्वजनिक स्वास्थ्य तंत्र को सहयोग देना और एचआईवी/एड्स से प्रभावित लोगों तक आवश्यक उपचार पहुंचाने में मदद करना है। विदेश मंत्री डॉक्टर जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है। बोत्सवाना दुनिया के प्रमुख हीरा उत्पादक देशों में शामिल है।
एससी राजकीय अध्यापक संघ ने सौंपा ज्ञापन
हरियाणा अनुसूचित जाति राजकीय अध्यापक संघ जिला अंबाला के सब डिवीजन अंबाला शहर में एसडीएम प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के पदों पर पदोन्नति में 20 प्रतिशत आरक्षण तत्काल प्रभावी किया जाए। हरियाणा सरकार द्वारा 7 अक्टूबर 2023 को ग्रुप ए व बी के पदों पर पदोन्नति में अनुसूचित जाति वर्ग को 20 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने के संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए गए थे। संघ का स्पष्ट मत है कि इस मामले को अनावश्यक रूप से लंबित रखा जा रहा है।
लोन की रकम कम करवाने के नाम पर ठगी
बैंक से हुए लोन की रकम कम करवाने की एवज में लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। शिकायतकर्ता सुखविंदर सिंह निवासी गांव तंदवाली ने थाना बराड़ा में शिकायत दी थी कि आरोपी रोहित ने बैंक से हुए मकान के लोन की रकम कम करवाने की एवज में उससे 10 लाख रुपये धोखाधड़ी से हड़प लिए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया है।
हथियार के बल पर लूटपाट करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
अंबाला पुलिस ने जिले में लगातार हो रही लूटपाट की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर अपराधी को दबोचने में सफलता हासिल की है। मुख्य आरोपी रजत निवासी संजय ब्लॉक, पटियाला पंजाब है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही पटियाला में 3 गंभीर मामले दर्ज हैं। मुलाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के एक परिवार से हथियार के बल पर लूट की गई थी। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जा रही है।