अम्बाला में ऊर्जा मंत्री अनिल विज की कार्रवाई, दो चौकी इंचार्ज सस्पेंड और सड़क हादसे में पांच घायल

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने चोरी के मामलों में कार्रवाई न होने और लापरवाही बरतने पर बड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने अम्बाला छावनी के हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी और तोपखाना पुलिस चौकी के इंचार्जों को सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं।
अम्बाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जनसुनवाई के दौरान मंत्री अनिल विज ने लोगों की समस्याएं सुनीं। स्टाफ रोड निवासी एक युवती ने शिकायत दी कि उसके घर से चोर 20 तोले सोना और नकदी चुरा ले गए। तोपखाना पुलिस चौकी में शिकायत देने के बावजूद केस दर्ज नहीं किया गया। सबूत होने पर भी कार्रवाई न होने पर विज ने तोपखाना पुलिस चौकी इंचार्ज को सस्पेंड करने के निर्देश दिए।
कच्चा बाजार निवासी पुजारी ने शिकायत दी कि मंदिर में चोरी के मामले में हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी में 5 सितंबर को शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और न ही एफआईआर दर्ज की। जवाब तलब करने पर पुलिस अधिकारी बगले झांकने लगे, जिसके बाद मंत्री ने उस चौकी इंचार्ज को भी सस्पेंड करने के निर्देश दिए।
एक साल से ट्यूबवेल कनेक्शन न मिलने पर चौड़मस्तपुर एसडीओ के खिलाफ जांच के निर्देश अम्बाला एसई को दिए गए। गांव नडियाली के किसान का कनेक्शन वर्ष 2025 में काट दिया गया था और कोई बिल पेंडिंग न होने के बावजूद एक साल से कनेक्शन बहाल नहीं किया गया था। रामपुर सरसेहड़ी में ट्रांसफार्मर उतारने में देरी की शिकायत पर भी जांच के आदेश दिए गए।
विवाहिता की मौत के मामले में महेशनगर से आए लोगों ने जांच की मांग की। उनका आरोप था कि मामला हत्या का न होकर आत्महत्या का है। मंत्री अनिल विज ने इस मामले में एसआईटी गठित कर निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान पेंशन से संबंधित शिकायत मिलने पर समाज कल्याण अधिकारी को फोन पर कड़ी फटकार लगाई गई और अगले सप्ताह से पहले मामले हल करने के निर्देश दिए गए।
अम्बाला के पंजोखरा साहिब क्षेत्र में वेट ब्रिज के रिकॉर्ड में हेराफेरी कर धोखाधड़ी से चावल बेचने और कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आर्थिक अपराध शाखा ने विवेक कुमार, कुलबीर सिंह और प्रवीण कुमार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 34 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है।
बराड़ा-अम्बाला रोड पर सीवनमाजरा पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक सवार दो युवकों और एक ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को बराड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया। कार चालक भी हादसे में घायल हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रथम प्रकाश पर्व और गुरुद्वारा श्री दशमेश साहिब सिंहपुरा बराड़ा के 32वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय धार्मिक समागम संपन्न हुआ। इस दौरान गुरबाणी कंठ एवं दस्तार मुकाबलों में करीब 100 बच्चों ने भाग लिया और विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समागम के दौरान विशाल कीर्तन दरबार सजाया गया और संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर भी बरताया गया।