अम्बाला में ऊर्जा मंत्री अनिल विज का कड़ा एक्शन, दो चौकी इंचार्ज सस्पेंड,

अम्बाला में ऊर्जा मंत्री अनिल विज का कड़ा एक्शन, दो चौकी इंचार्ज सस्पेंड,

एफआईआर दर्ज न होने व लापरवाही बरतने पर दो चौकी इंचार्ज सस्पेंड

ऊर्जा मंत्री अनिल विज का कड़ा एक्शन-एक साल से ट्यूबवेल कनेक्शन न मिलने पर चौड़मस्तपुर एसडीओ के खिलाफ जांच के निर्देश

अम्बाला/पूर्ण सिंह/17 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने चोरी के अलग-अलग मामलों में कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने एक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं करने और एक अन्य मामले में एफआईआर दर्ज करने में देरी करने पर अम्बाला छावनी के हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी और तोपखाना पुलिस चौकी इंचार्जों को सस्पेंड करने के निर्देश दिए।

विज बृहस्पतिवार को अम्बाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में अम्बाला छावनी क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुन रहे थे। अनिल विज को स्टाफ रोड निवासी युवती ने शिकायत देते हुए बताया कि गत 9 सितंबर को उनके घर में चोरों ने जबरन दाखिल होकर उसके पिता को नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया और चोर घर से 20 तोले सोना व नकदी चुरा ले गए।

युवती का आरोप था कि तोपखाना पुलिस चौकी को शिकायत देने के बाद केस दर्ज नहीं किया गया जबकि उनके पास सीसीटीवी फुटेज भी है और आज जब उसने पुलिस को बताया कि वह मंत्री अनिल विज को शिकायत देने जा रही है तो आनन-फानन में केस दर्ज किया गया। अनिल विज ने मामले में मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तोपखाना पुलिस चौकी इंचार्ज को सस्पेंड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब सारे सबूत है तो उसके बावजूद भी क्यों कार्रवाई नहीं की जा रही।

इसी प्रकार कच्चा बाजार निवासी पुजारी ने मंत्री अनिल विज को शिकायत दी कि मंदिर में उसके कमरे का ताला कुछ दिन पहले टूटा हुआ था और सामान चोरी था। इस मामले में उसने हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी में 5 सितंबर को शिकायत की थी, मगर उसकी शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और न ही एफआईआर दर्ज की। अनिल विज जब पुलिस अधिकारियों से जवाब-तलब किया तो वह बगले झांकने लगे। मंत्री अनिल विज ने इस मामले में चौकी इंचार्ज को सस्पेंड करने के निर्देश दिए।

गांव नडियाली निवासी किसान ने अनिल विज को बताया कि उनके खेत में पहले ट्यूबवेल लगा था, मगर बीते वर्ष 2025 में यह कनेक्शन काट दिया गया। इसके कुछ दिनों बाद उसने दोबारा कनेक्शन के लिए अप्लाई किया जबकि उसके ऊपर कोई भी बिल पेंडिंग नहीं है। मगर एक वर्ष होने पर भी चौड़मस्तपुर सब डिवीजन द्वारा उसका कनेक्शन बहाल नहीं किया गया जबकि पानी नहीं लगने से उसकी खेती भी खराब हुई। विज ने इस मामले में एसडीओ के खिलाफ जांच के निर्देश एसई अम्बाला को दिए। इसी तरह एक अन्य मामले में रामपुर सरसेहड़ी में ट्रांसफार्मर के उपयोग में नहीं होने के बावजूद उसे उतारने में देरी की शिकायत पर भी उन्होंने जांच के निर्देश दिए।

विवाहिता की मौत के मामले में जांच करेगी एसआईटी
ऊर्जा मंत्रीको महेशनगर से आए लोगों ने विवाहिता की मौत के मामले में शिकायत देते हुए मामले में जांच की मांग की। उनका आरोप था कि विवाहिता की मौत मामले में हत्या का केस दर्ज किया गया है जबकि यह हत्या न होकर आत्महत्या का केस है। मंत्री अनिल विज ने इस मामले में एसआईटी गठित कर मामले में निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान पेंशन से संबंधित कई शिकायत ऊर्जा मंत्री अनिल विज के समक्ष आई। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि वह अपनी समस्या हल कराने के लिए विभागीय कार्यालय जाते है, मगर वहां से उन्हें कोई न कोई बहाना लगाकर वापस भेज दिया जाता है। मंत्री अनिल विज ने इन मामलों में समाज कल्याण अधिकारी को फोन पर कड़ी फटकार लगाई और अगले सप्ताह से पहले इन मामलों में हल करने के निर्देश दिए। वहीं कई अन्य मामलों में सुनवाई ना होने पर मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। ेइस अवसर पर एसडीएम कनिका गोयल, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पार्षद व भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment