अंबाला-शामली हाईवे पर अधोया कट को मिली मंजूरी, धनौरी गोगामाड़ी में मेला और बराड़ा पुलिस की नाइट चेकिंग

अंबाला-शामली एनएच-344जीएम पर शाहाबाद-बराड़ा एसएच-4 के अधोया जंक्शन पर हाईवे कट को लेकर क्षेत्र के सरपंचों, समाजसेवियों और हजारों क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने की ओर बढ़ गई है। अंतिम मंजूरी का रास्ता साफ होते ही बराड़ा शहर सहित आसपास के करीब 30 गांवों में खुशी का माहौल है। हाईवे कट बनने से न केवल लोगों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और व्यावसायिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
अंबाला, चंडीगढ़, शाहाबाद, शामली और दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों को कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। हाईवे कट बनने के बाद बराड़ा शहर और आसपास के गांवों के लोग सीधे हाईवे से जुड़ सकेंगे। इससे यात्रा का समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी। इसका सबसे अधिक लाभ किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों, एंबुलेंस सेवाओं, औद्योगिक इकाइयों तथा रोजाना सफर करने वाले हजारों वाहन चालकों को मिलेगा।
अधोया हाईवे कट की फाइल ऐसे बढ़ी आगे
वर्ष 2025 से अधोया जंक्शन पर हाईवे कट की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्रयास शुरू किए। क्षेत्र के नागरिकों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिला प्रधान मंदीप राणा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री हरियाणा को जनहित में हाईवे कट का मांगपत्र सौंपा। 28 अगस्त 2025 को मुख्यमंत्री कार्यालय से मामला लोक निर्माण विभाग (बीएंडआर) पहुंचा और डायरी नंबर 129607 के तहत पत्र दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। इसके उपरांत विभागीय प्रक्रिया में संबंधित अधिकारियों ने तकनीकी एवं प्रशासनिक स्तर पर प्रस्ताव पर कार्रवाई आगे बढ़ाई।
जब इस संबंध में एनएचएआई के एसडीओ विक्रम सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अंबाला-शामली एनएच-344जीएम के शाहाबाद-अधोया मार्ग पर हाईवे कट की मंजूरी मिल चुकी है और कट का काम शुरू करवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य फिलहाल प्रगति पर है और इसे फरवरी 2027 तक अंतिम रूप देने का लक्ष्य रखा गया है। इससे क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने के साथ बराड़ा व आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
धनौरी गोगामाड़ी पर उमड़ी संगत
दोसड़का-साढौरा मार्ग स्थित गांव धनौरी स्थित प्रसिद्ध गोगामाड़ी में बसेरे का मेला आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों से हजारों की संख्या में संगत माथा टेकने पहुंची और मन्नत मांगी। गोगामाड़ी के मुख्य सेवादार पूर्व सरपंच कुलदीप राणा ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए महीने से तैयारियां चल रही थी, जिसमें सेवादारों ने बढ़चढ़कर भाग लिया। उन्होंने बताया कि यह गोगामाड़ी बागड़ राजस्थान स्थित गोगामाड़ी जैसी हूबहू तैयार करवाई गई है।
बराड़ा पुलिस की नाइट चेकिंग
क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी कड़ी में बीती रात एसपी के निर्देश पर बराड़ा पुलिस ने नाइट डोमिनेशन नाकों पर वाहनों की चेकिंग की। महाराणा प्रताप चौक पर चौकी प्रभारी शीशपाल अपनी टीम के साथ तैनात रहे। इस दौरान आने जाने वाले प्रत्येक वाहन की चेकिंग की गई।
मारकंडेय मंदिर में श्रीचंद्र महाराज की जयंती
शनिवार को मारकंडेय मंदिर तंदवाली में जगतगुरु श्री चंद्र जी महाराज जी का 532वां जयंती महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। यह पावन आयोजन महर्षि मार्कंडेय उदासीन आश्रम, गांव हरयोली तदवाल अंबाला में गद्दीनशीन महंत गुरजीत सिंह ज्ञान मुनि उदासीन जी के सान्निध्य एवं कुशल नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। महोत्सव के दौरान प्रात: 8 बजे से 10 बजे तक हवन-पूजा का आयोजन किया गया। इसके पश्चात भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था रही।