अम्बाला के अधोया जंक्शन पर चंडीगढ़-शामली हाईवे कट की मांग हुई पूरी, शुरू हुआ निर्माण कार्य

अम्बाला के अधोया जंक्शन पर चंडीगढ़-शामली हाईवे कट की मांग हुई पूरी, शुरू हुआ निर्माण कार्य

अम्बाला में लंबे समय से चली आ रही अधोया जंक्शन पर चंडीगढ़-शामली हाईवे कट की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। यह सफलता किसी एक व्यक्ति या संगठन के प्रयास से नहीं, बल्कि क्षेत्र के विभिन्न वर्गों के सामूहिक प्रयासों और लगातार सक्रियता से मिली है। करीब एक वर्ष से अधिक समय से किसान-मजदूर संघ, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे को अलग-अलग मंचों पर उठाया था।

विभिन्न प्रतिनिधियों और संगठनों की सक्रियता से बढ़ी उम्मीदें
किसान मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद राणा, भाजपा मंडल अध्यक्ष डिंपल राणा, अधोया के नंबरदार कैलाश कुमार और क्षेत्र के अनेक गांवों के सरपंच इस मांग को लेकर लगातार प्रयासरत रहे। इसके अलावा रोटरी क्लब बराड़ा के प्रधान बलकार सिंह और प्रयास समाज सेवा संगठन के विशाल सिंगला ने भी इसे क्षेत्र की आवागमन और विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जरूरत बताते हुए अपने स्तर पर आवाज उठाई थी।

मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री तक पहुंचाई गई थी मांग
हाईवे कट की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने समय-समय पर मुख्यमंत्री, सांसद, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी। ज्ञापन, मांगपत्र और विभिन्न सार्वजनिक मंचों के माध्यम से अधोया जंक्शन पर कट की आवश्यकता बताई जाती रही। भाजपा और कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े स्थानीय कार्यकर्ता भी अपने-अपने स्तर पर इस मांग को लगातार उठाते रहे।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

लगभग 30 गांवों के लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
अधोया कट को क्षेत्र की सामूहिक आवश्यकता के रूप में सामने रखा गया था। करीब 30 गांवों के लोगों के लिए अंबाला, चंडीगढ़, शाहाबाद, शामली और दिल्ली की ओर आवागमन को सुगम बनाने की जरूरत को लेकर लगातार प्रयास किए गए। अब विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधोया जंक्शन पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। मौके पर मशीनों के चलने और निर्माण गतिविधियां शुरू होने से लोगों की उम्मीदें मजबूत हुई हैं।

नेताओं और संगठनों की प्रतिक्रिया
भाजपा मंडल अध्यक्ष डिंपल राणा ने कहा कि यह पूरे क्षेत्र की सामूहिक मांग थी और सरकार ने सभी के हितों का ख्याल रखा है। किसान मजदूर संगठन के प्रदेशाध्यक्ष विनोद राणा थंबड़ ने बताया कि वह इस संबंध में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले थे और उन्होंने लिखित मांग पत्र सौंपा था, जिसे केंद्रीय मंत्री ने पूरा किया। कैलाश नंबरदार ने कहा कि आज जब यहां कट की मंजूरी मिल गई है तो उनके गांव और आसपास के गांवों के लोगों में भारी खुशी है। रोटरी क्लब प्रधान बलकार सिंह और प्रयास सेवा संस्थान के विशाल सिंगला ने इसे बराड़ा और आसपास के करीब 30 गांवों की कनेक्टिविटी और समय की बचत के लिए एक बड़ी सुविधा बताया।

कल बराड़ा में रोटरी क्लब द्वारा होगा विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन
रोटरी क्लब बराड़ा की ओर से 25 सितंबर दिन शुक्रवार को संत मोहन सिंह पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल बराड़ा में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। रक्तदान शिविर सुबह 9 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें डीईईओ अंबाला ज्योति रानी और बीईओ बराड़ा जगदीश मेहरा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

Share:

Comments

Leave a comment