एबीवीपी ने सीआरएसयू से यूजी और पीजी परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की

राजकीय महिला महाविद्यालय जींद व केएम कॉलेज नरवाना के प्राचार्यों के माध्यम से परीक्षा नियंत्रक को सौंपा ज्ञापन
नरवाना /26 सितंबर /नरेंद्र जेठी /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
हरियाणा उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में यूजी एवं पीजी पाठ्यक्रमों के प्रथम, सैकिण्ड, थर्ड एवं फोरथ ईयर में प्रवेश की अंतिम तिथि आगामी 06 अक्टूबर तक बढ़ाई जा चुकी है। इस तिथि के बढ़ने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जींद और नरवाना इकाई ने चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय से परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि भी बढ़ाने की मांग की है। - एबीवीपी ने प्राचार्यों के माध्यम से परीक्षा नियंत्रक को सौंपा ज्ञापन। - यूजी और पीजी में प्रवेश की अंतिम तिथि 06 अक्टूबर तक बढ़ाई गई है। - परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि बढ़ाने से विद्यार्थियों को मिलेगा पर्याप्त समय।
प्राचार्यों के माध्यम से परीक्षा नियंत्रक को सौंपा ज्ञापन
एबीवीपी जींद महाविद्यालय इकाई अध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि इस संबंध में एबीवीपी इकाई की ओर से राजकीय महिला महाविद्यालय, जींद तथा केएम कॉलेज, नरवाना के प्राचार्यों के माध्यम से परीक्षा नियंत्रक, चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय, जींद को ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में बताया गया कि हरियाणा उच्चतर शिक्षा विभाग, पंचकूला द्वारा यूजी और पीजी में प्रवेश की अंतिम तिथि 06 अक्टूबर तक बढ़ाई गई है।
विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने में लग रहा समय
जींद से संबद्ध महाविद्यालयों में भी कुछ विद्यार्थियों की प्रवेश एवं दस्तावेज संबंधी प्रक्रिया विस्तारित तिथि के कारण अभी पूरी होनी बाकी है। एबीवीपी राजकीय महाविद्यालय नरवाना इकाई अध्यक्ष सागर ने बताया कि यदि विश्वविद्यालय की परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि पूर्व निर्धारित रहती है, तो 06 अक्टूबर तक प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म भरने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाएगा।
परीक्षा फॉर्म की तिथि बढ़ाने की उठाई गई जोरदार मांग
इससे विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मांग की गई कि यूजी एवं पीजी के परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि उचित अवधि तक बढ़ाई जाए, ताकि विस्तारित प्रवेश अवधि में दाखिला लेने वाले सभी विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म भरने का पर्याप्त अवसर मिल सके।
संबद्ध महाविद्यालयों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग
साथ ही संबद्ध महाविद्यालयों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने तथा प्रवेश प्रक्रिया और परीक्षा प्रक्रिया के बीच उचित समन्वय सुनिश्चित करने की मांग की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन से विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र परीक्षा फॉर्म की तिथि बढ़ाने की अधिसूचना जारी करने की मांग की गई है, ताकि उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा बढ़ाई गई प्रवेश तिथि का लाभ विद्यार्थियों को वास्तविक रूप से मिल सके।