अभय चौटाला का बड़ा हमला, बोले- मुख्यमंत्री नायब सैनी केवल करते हैं झूठी घोषणाएं

इंडियन नेशनल लोकदल यानी इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी पर कड़ा हमला बोला है। अभय चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी केवल घोषणाएं करने वाले मुख्यमंत्री हैं। वे कभी भी अपनी घोषणा को अमलीजामा नहीं पहनाते हैं। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण यह है कि करीब साढ़े सात वर्ष पूर्व उन्होंने चौटाला गांव में इंडोर स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। यह घोषणा आज तक पूरी नहीं हुई है। किसानों को अभी तक गेहूं की पूरी रकम का भुगतान नहीं हुआ है। इसके बावजूद सरकार इस मामले में पूरी तरह से उदासीन बनी हुई है। अभय चौटाला बुधवार को सिरसा में कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
चौ. देवीलाल जयंती कार्यक्रम की तैयारियां
आगामी 27 सितंबर को नूंह में पूर्व उपप्रधानमंत्री चौ. देवीलाल का जयंती कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभय चौटाला ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में अकेले सिरसा जिले से 20 हजार से अधिक लोग अपनी भागीदारी निभाएंगे। इनेलो नेता ने कहा कि इस रैली में चौ. देवीलाल की विचारधारा से सहमति प्रकट करने वाले और गैर भाजपाई नेताओं को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। अभय चौटाला ने कहा कि उन्होंने स्वयं प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा के साथ पूरे प्रदेश का दौरा किया है। उन्होंने पाया है कि प्रदेशवासियों में इस रैली को लेकर एक गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। इस रैली में जहां लाखों लोग चौ. देवीलाल को नमन करेंगे। वहीं दूसरी तरफ वे भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का कड़ा संकल्प भी लेंगे।
फसल खराबे पर मुआवजे की मांग
प्रदेशभर में इस बार अनेक जिलों में बरसात की कमी दर्ज की गई है। इसके चलते किसानों की ग्वार, नरमा कपास और धान की फसल पूरी तरह से बर्बादी के कगार पर पहुंच चुकी है। ऐसे गंभीर हालात में सरकार को ऐसे तमाम किसानों की फसल का विशेष सर्वे करवाना चाहिए। इसके बाद सरकार को प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देना चाहिए।