भाजपा को सत्ता से बाहर कर इनेलो की सरकार बनाएंगे: अभय चौटाला

नूंह में आयोजित सम्मान दिवस रैली में इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने बड़ा बयान दिया है। अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे और कांग्रेस को सत्ता से दूर रखेंगे तथा इनेलो की सरकार बनाएंगे। यह रैली चौ. देवीलाल की 113वीं जयंती पर रविवार को नूंह में आयोजित की गई थी।
चौ. अभय सिंह चौटाला ने कहा कि चौ. देवीलाल व चौ. ओमप्रकाश चौटाला का मेवात से विशेष लगाव रहा है। वे चाहे सत्ता में रहे या विपक्ष में रहे हमेशा ही मेवात के लोगों के बीच आए और इस इलाके को अनेक सुविधाएं दी। भविष्य में जब इनेलो सत्ता में आएगी तो मेवात के इलाके में सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। गुरुग्राम की तर्ज पर मेवात का विकास करवाया जाएगा।
भाजपा सरकार जनविरोधी और कांग्रेस उसकी बी टीम
अभय चौटाला ने मौजूदा भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल को जनविरोधी बताया और तथ्यों के साथ हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस को भाजपा की बी टीम बताया और कहा कि जनता के सामने कांग्रेस का असली चेहरा बेनकाब हो चुका है। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि कभी हरियाणा खेल, खेती और रोजगार के लिए जाना जाता था। आज हरियाणा नशे की चर्चा में है और बेरोजगारी की चर्चा में है। आज हरियाणा अपराध की चर्चा में है, पेपर लीक की चर्चा में है और किसानों के आंदोलन की चर्चा में है।
बेरोजगारी और पेपर लीक से परेशान नौजवान
बेरोजगारी से प्रदेश का नौजवान सबसे ज्यादा परेशान है। सरकारी नौकरियों की भर्ती निकलती है, तो पेपर लीक हो जाता है। परीक्षा होती है, तो रिजल्ट अटक जाता है। साल 1989 में दिल्ली के बोट क्लब पर चौ. देवीलाल के जन्मदिन पर रैली की गई थी। इस रैली में पूरा विपक्ष एक मंच पर था। उस रैली ने राजनीतिक गलियारों में संदेश दिया कि कांग्रेस सत्ता से बाहर हो रही है और चौ. देवीलाल के नेतृत्व में जनता दल की सरकार बन रही है और हुआ भी वैसा ही था।
2019 और 2024 के राजनीतिक हालात पर निशाना
आज की रैली से यह साफ हो गया है कि भाजपा सत्ता से बाहर हो रही है और कांग्रेस को सत्ता से दूर करेंगे। अभय चौटाला ने कहा कि 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता से दूर जा रही थी। उस समय जजपा के 10 विधायकों ने चौ. देवीलाल की नीतियों को गिरवी रखते हुए भाजपा की सरकार बनवाने का काम किया। जजपा के विधायकों ने लगातार साढ़े 4 वर्षों तक प्रदेश को दोनों हाथों से लूटा। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि 2024 में भी भाजपा सत्ता से बाहर हो रही है। एक साजिश के तहत भूपेंद्र सिंह हुड्डा एंड कंपनी ने भाजपा सरकार बनवाने में सहयोग किया।
गांव-गांव जाकर पोल खोलेंगे इनेलो नेता
अभय चौटाला ने रैली में ऐलान किया कि वे और पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा नवंबर माह में फिर से गांव-गांव जाएंगे। वे भाजपा और कांग्रेस की पोल खोलेंगे। सरकार बनने पर इनेलो नशा व बेरोजगारी खत्म करेगी। किसानों के लिए जो पोर्टल भाजपा ने बनाए हैं, उन्हें बंद करवाया जाएगा और विकास की योजनाएं लागू की जाएंगी।
अन्य नेताओं के संदेश और संबोधन
रैली में टीएमसी के नेता व सांसद अभिषेक बनर्जी तथा राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने भी अपना संदेश भेजा। रैली को संबोधित करते हुए जम्मू कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी ने चौ. देवीलाल को महान नेता बताया। सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि चौ. अभय सिंह चौटाला उनकी नीतियों का अनुसरण करते हुए प्रत्येक वर्ग की आवाज को बुलंद कर रहे हैं। पूर्व वित्त मंत्री व इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह ने कहा कि चौ. देवीलाल किसानों के मसीहा थे। आज भाजपा की सरकार ने किसान-कमेरे को ठगा है। भाजपा सरकार ने न तो किसानों को एमएसपी दी, न उनकी आय दोगुनी की और न ही स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू की।