राव नरवीर सिंह के पैतृक गांव में हुआ स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का जोरदार स्वागत, लगे भावी सीएम के नारे

राव नरवीर सिंह के पैतृक गांव में हुआ स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का जोरदार स्वागत, लगे भावी सीएम के नारे

कैबिनेट मंत्री नरबीर सिंह के पैतृक गांव बूढ़पुर में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर जोरदार स्वागत किया। गांव में आयोजित कार्यक्रम में आरती राव के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने ‘भावी मुख्यमंत्री आरती राव’ के नारे भी लगाए। इस जोरदार स्वागत से आरती राव बेहद गदगद नजर आईं। कार्यक्रम का आयोजन प्रशांत उर्फ सन्नी यादव की ओर से किया गया था। इस कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता वहां मौजूद रहे। स्वागत के दौरान आरती राव पर फूल बरसाए गए और समर्थकों ने उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी की।

भावी मुख्यमंत्री के नारों पर बोलीं आरती राव

‘भावी मुख्यमंत्री’ के नारों को लेकर जब आरती राव से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उनका अभी राजनीति में सफर शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि वह अभी राजनीति की चीजों को सीख रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह राजनीति में लंबी पारी खेलने के लिए आई हैं। यदि सभी का साथ मिला और भविष्य में पार्टी ने मौका दिया तो वह उस जिम्मेदारी पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में टिकट मिलना भी किस्मत की बात होती है। भविष्य में उन्हें क्या जिम्मेदारी मिलेगी, यह आने वाला समय ही बताएगा।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

राजनीति में संयम और संघर्ष पर रखी बात

राजनीति में संयम रखने के सवाल पर आरती राव ने कहा कि राजनीति में संयम रखना बहुत जरूरी होता है। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 2014 और 2019 में पार्टी से टिकट मांगी थी लेकिन तब उन्हें टिकट नहीं मिली थी। इसके बावजूद उन्होंने पार्टी के लिए लगातार काम करना जारी रखा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवारों के पक्ष में उन्होंने प्रचार किया और उनके लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि भगवान के घर में देर है लेकिन अंधेर नहीं है। अंततः उनकी किस्मत जगी और उन्हें पार्टी से टिकट मिल गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह अटेली विधानसभा क्षेत्र की विधायक हैं जबकि मंत्री के रूप में उनकी जिम्मेदारी पूरे हरियाणा राज्य की है।

दीपक हुड्डा के बयान पर दिया जवाब

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को ‘पार्ट टाइम मुख्यमंत्री’ बताए जाने के सवाल पर आरती राव ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि नायब सिंह सैनी पार्ट टाइम मुख्यमंत्री बिल्कुल नहीं हैं बल्कि वह एक फुल टाइम मुख्यमंत्री के रूप में काम कर रहे हैं। राव नरवीर के पैतृक गांव में हुए इस कार्यक्रम के दौरान आरती राव के स्वागत और ‘भावी सीएम’ के नारों ने राजनीतिक चर्चा को भी काफी हवा दे दी है। हालांकि आरती राव ने अपने जवाब में अपने राजनीतिक सफर को अभी शुरुआती दौर में बताते हुए भविष्य में पार्टी की ओर से मिलने वाली जिम्मेदारी को लेकर संयम बरतने की बात कही है।

Share:

Comments

Leave a comment