रोहतक में ठेकेदार ने खुद को मारी गोली,कांग्रेस पार्टी के ऑफिस के सामने स्कॉर्पियो में मिला शव

हरियाणा के रोहतक में जिला कांग्रेस पार्टी के आफिस के सामने स्कॉर्पियो में ठेकेदार ने खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने स्कॉर्पियों से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। जिसके बाद पुलिस ने दस लोगों के खिलाफ आत्महत्या करने को मजबूर करने का केस दर्ज किया है।
क्या है मामला ?
मृतक की पहचान जनता कॉलोनी निवासी प्रदीप नारा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि प्रदीप नारा एडवोकेट था, जो जिला बार एसोसिएशन का सदस्य भी था। मगर, वकालत करने की बजाय वह ठेकेदारी का काम करता था।
**लाइसेंसी रिवॉल्वर से सिर में मारी गोली
**
प्रदीप ने बीते बुधवार की शाम को अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से सिर में गोली मार कर आत्महत्या कर ली। मृतक की डायरी में महेंद्र सहित दस लोगों पर करीब 32 करोड़ रुपए बकाया नहीं देने पर मजबूरी में सुसाइड का कदम उठाने की बात कहीं गई है। मृतक प्रदीप पेशे से वकील और सड़को के निर्माण का ठेका लेने काम करता था।
32 करोड़ के लेनदेन से जुड़ा है मामला
मृतक के पिता देवेंद्र का कहना है कि यह पूरा मामला 32 करोड़ रुपए के लेनदेन का है। परिवार को पहले से धमकियां मिल रही थीं। इन लोगों के डर से ही परिवार पिछले साल मध्य प्रदेश का काम छोड़कर रोहतक आ गया था।
इस मामले में आर्य नगर थाना एसएचओ सुशील कुमार ने बताया कि जिस स्कॉर्पियो में प्रदीप का शव मिला था, उसमें एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने के आरोप लगा रखे है।
फिलहाल पुलिस ने सुसाइड के लिए मजबूर करने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आज मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया। लेकिन परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है।