सिरसा में श्रद्धा व धूमधाम के साथ संपन्न हुआ 13वां मेला पीरां दा, मनीष सिंगला ने की शिरकत

सिरसा में श्रद्धा व धूमधाम से संपन्न हुआ 13वां 'मेला पीरां दा': बाबा हैदरशेख व लखदाता पीर की महिमा का हुआ गुणगान
सिरसा /03 अक्टूबर2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
सिरसा कोर्ट कॉलोनी स्थित जय माँ हाउस के प्रांगण में 13वें 'मेला पीरा दा' का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन बाबा हैदर शेख सेवा समिति सिरसा के तत्वावधान में संपन्न हुआ। यह वार्षिक उत्सव बाबा हैदरशेख मीरा साहिब मलेरकोटला वाले एवं बाबा लखदाता पीर साहिब जी को समर्पित था। इस धार्मिक कार्यक्रम में काफी संख्या में संगत ने हाजिरी भरी और पीर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
- सिरसा कोर्ट कॉलोनी में हुआ 13वें मेला पीरां दा का आयोजन
- हारे का सहारा चेरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान मनीष सिंगला ने की शिरकत
- गद्दीनशीन हेमन्त बाबा जी ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मनीष सिंगला
इस वार्षिक उत्सव में हारे का सहारा चेरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान मनीष सिंगला ने मुख्य रूप से शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता गद्दीनशीन हेमन्त बाबा जी ने की। इस पावन अवसर पर मनीष सिंगला ने ज्योति प्रज्वलित कर आयोजन का शुभारंभ किया। वहीं वरिष्ठ पत्रकार संजय अरोड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे। आए हुए अतिथियों ने बाबा जी के दरबार में माथा टेककर क्षेत्र की खुशहाली व अमन-चैन की कामना की।
संतों और पीरों की दरगाह देती है भाईचारे का संदेश
इस मौके पर मनीष सिंगला ने कहा कि बाबा हैदरशेख मीरा साहिब और लखदाता पीर साहब की पावन कृपा से ही जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है। संतों और पीरों की दरगाह हमें आपसी भाईचारे और निष्काम सेवा का संदेश देती है। इसके साथ ही, जीवन में सच्ची कामयाबी और ईश्वर का आशीर्वाद पाने के लिए अपनी मां की सेवा सबसे जरूरी है। हर व्यक्ति अपने जीवन में मां के प्रति समर्पित रहे और संतों के दिखाए मार्ग पर चले। उन्होंने मां के सम्मान और सेवा पर जोर देते हुए कहा कि जीवन में कामयाबी हासिल करने का सबसे सरल और अचूक उपाय मां की पूजा है।
मां की सेवा ही है जीवन की सबसे बड़ी कामयाबी
उन्होंने कहा कि इस संसार में कामयाबी का एक ही मूलमंत्र है मां की सेवा और उसका आदर करना। पूरी निष्ठा के साथ मां की पूजा करो। हर दिन अपने भोजन का पहला निवाला खुद अपने हाथों से अपनी मां को खिलाएं, फिर अपने जीवन में चमत्कार देखें।
सूफियाना कलाम और मनमोहक भजनों ने मोहा मन
इस धार्मिक आयोजन के दौरान भजन संध्या में प्रसिद्ध कलाकार नूर जोड़ी (पंजाब), बंटी शर्मा (पंजाब) तथा विनोद फरंड (सिरसा) ने सूफियाना कलाम और मनमोहक भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मनीष सिंगला ने भी भजन सुनाए। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में भक्त झूमते नजर आए। कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
अंत में समिति के समस्त सेवादारों ने आए हुए सभी अतिथियों एवं संगत का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर मनीष गुप्ता एडवोकेट, अनिल गुप्ता एडवोकेट, निजी सचिव हरपिंदर शर्मा, निजी सचिव योगेश बिजारनिया, हरीश बाबा, डॉ. प्रवीण सेठी, गुलशन बजाज, रमेश साहुवाला, संजय पूनिया, मानल गेरा, पुनीत सुधा, अधिवक्ता दीपम ग्रोवर सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे।